गुरुग्राम साइबर सिटी में बाइक सवार बदमाशों का आतंक कम नहीं हो रहा है। सोमवार सुबह सैर करने गई युवती से टाइम पूछने के बहाने बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन लूट ली। युवती की शिकायत पर सेक्टर-10 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के मुताबिक आसपास के सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक गांधी नगर निवासी युवती शिवा जांगड़ा सोमवार अलसुबह साढ़े पांच बजे सैर के लिए घर से निकली थी। कादीपुर स्थित नाथू स्वीट्स के पास दो बाइक सवार युवक आए और उनसे समय पूछा। इसी बीच बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन लूट ली।
इसके बाद दोनों फरार हो गए। युवती ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। सेक्टर-10 थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यहां कई महिलाओं और युवतियों के साथ ऐसी वारदात हो चुकी है। मामले की जांच कर रहे एएसआई आजाद सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।