पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 9.50 बजे सूचना मिली कि एक व्यक्ति जल गया है और उसे बीएलके अस्पताल लाया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि घायल की पहचान विशाल सिंह के रूप में हुई। डॉक्टरों ने बताया कि उसने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी। उसकी हालत स्थिर है।
पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों की मौजूदगी में सिंह का बयान दर्ज किया। अधिकारी ने बताया, विशाल ने कहा कि उसके व्यवसाय में तीन से चार लाख रुपये का नुकसान हुआ था और वह समय पर किराया नहीं दे पा रहा था। उसने दो लोगों से पैसा उधार लिया था और वे लगातार रुपये लौटाने का दबाव बना रहे थे। तनाव में आकर उसने कमरे में खुद को आग लगा ली। उसकी पत्नी और पड़ोसियों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि आगे के उपचार के लिए सिंह को सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है।