गुरुग्राम में अपने ससुर के मोबाइल पर एसएमएस भेजकर पत्नी को तलाक देने वाला पति कानूनी मान्यता लेने के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। अर्थात उसने पत्नी को तलाक दे दिया और बाद में कोर्ट में याचिका दायर कर पत्नी से तलाक लेने की मांग है। इस पूरे मामले की असली जड़ पति पत्नी के संबंध बेहतर न होना माना जा रहा है।
यही नहीं आरोपी पति के परिवारवालों ने लड़की पक्ष के परिवारवालों पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का मामला भी दर्ज कराया है। गुरुग्राम पुलिस घटना की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी पति अब पत्नी को रखने के लिए कतई तैयार नहीं है। उसका कहना है कि अब जो कुछ भी होगा कोर्ट में ही होगा।
बता दें कि दादरी(ग्रेटर नोएडा) निवासी सलमा नामक युवती ने पति सूरतनगर फेज दो निवासी आजाद पर पांच लाख रुपये का दहेज न देने पर एसएमएस से तलाक देने का आरोप लगाया है और दादरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। अमर उजाला से बातचीत करते हुए आरोपी पति आजाद ने कहाकि पत्नी सलमा 12 नंवबर 2016 को मायके में शादी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने भाई सज्जाद के साथ चली गई थी।
करीब छह महीने बाद अचानक बगैर किसी सूचना के वह 14 अप्रैल को वापस आयी। उसके साथ पिता मोहम्मद इकबाल समेत 20-25 लोग और भी थे। आजाद का आरोप है कि घर पहुंचते ही सलमा के परिजन उसके पिता आस मोहम्मद और मां नसरफी पर टूट पड़े। मां के कपड़े फाड़ दिए और पिता को घसीटते हुए बाहर लेकर जमकर मारापीटा। जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई। छह दिनों तक उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।