बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 3:14 बजे यमुना नदी में एक व्यक्ति के डूबने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पता चला कि हिरणकी गांव के रहने वाले तीन लोग ठोकर नंबर 24 के पास यमुना में नहाने के लिए गए थे।
नहाते समय रमण मुखिया अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। उनके साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाया। शोर सुनकर स्थानीय मछुआरा चंदर शेखर मुखिया नाव लेकर मौके पर पहुंचा। उसने काफी प्रयास के बाद रमण को पानी से बाहर निकाल लिया। इसके बाद पुलिस उसे पास के अस्पताल में लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रमण अपनी पत्नी और पांच बेटियों के साथ रहता था। वह मजदूरी करता था। पुलिस ने परिजनों और चश्मदीदों का बयान दर्ज किया। पुलिस अधिकारी का कहना है कि जांच के दौरान किसी तरह की आपराधिक साजिश या अन्य संदेहास्पद बात सामने नहीं आई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।