शटडाउन लिए बिना शनिवार देर शाम एसजीएम नगर में ट्रांसफॉर्मर का फ्यूज ठीक करने खंभे पर चढ़े सहायक लाइनमैन हसन की करंट लगने से मौके पर मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने जूनियर इंजीनियर नेत्रपाल और एसडीओ पर लाइन कट किए बिना ही हसन को बिजली के खंभे पर चढ़ाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर बिजली निगम के दोनों अधिकारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामले की जांच कर रहे एसजीएम नगर थाने के एएसआई कमल चंद ने बताया कि गांव बड़खल निवासी हसन बिजली वितरण निगम में डीसी रेट पर सहायक लाइन मैन के पद पर कार्यरत था। शनिवार शाम एसजीएम नगर पटेल चौक के पास स्थित सी ब्लॉक में ट्रांसफॉर्मर में कुछ गड़बड़ी आ गई थी। जेई नेत्रपाल और एएलएम हसन उसे ठीक करने पहुंचे थे।