- गुरुग्राम निवासी कार चालक गिरफ्तार, कापसहेड़ा इलाके की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। कापसहेड़ा में द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार कार ने पैदल यात्री को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को पास के अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त 35 साल के प्रवेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने गुरुग्राम निवासी कार चालक कार्तिक साहू को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल के अनुसार घटना एक दिसंबर की शाम की है। शाम छह बजे कापसहेड़ा थाना पुलिस को सूचना मिली कि द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक युवक को कार ने कुचल दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि घायल प्रवेश को पीसीआर कर्मी अस्पताल लेकर गए हैं। पुलिस को मौके पर ही कार चालक कार्तिक साहू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस वहां से अस्पताल पहुंची। जहां पता चला कि घायल प्रवेश को डॉक्टराें ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने प्रवेश के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की छानबीन कर रही है।