इसी इमारत की चौथी मंजिल से कूदा था सोनू
- फोटो : अमर उजाला
दक्षिण दिल्ली के साकेत थाना इलाके के लाड़ो सराय में केयर टेयर ने गुरुवार रात को चौथी मंजिल से नीचे कूदकर खुदकुशी कर ली। केयरटेकर का पत्नी से झगड़ा हुआ था। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। साकेत थाना पुलिस ने केयरटेकर सोनू (35) के शव का पोस्टमार्टम कराकर शुक्रवार को भाई गोलू को सौंप दिया था। भाई गोलू अन्य रिश्तदारों के साथ मिलकर सोनू के शव को लेकर चंदौसी, यूपी के लिए लेकर रवाना हो गया था।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार मूलरूप से चंदौसी, यूपी निवासी सोनू लाडो सराय स्थित एक बहुमंजिला इमारत में केयर टेकर था। वह एक वर्ष से इमारत में केयर टेकर की नौकरी कर रहा था। वह भाई गोलू के साथ गुरुवार को दक्षिणपुरी में रहने वाली अपनी बहन से राखी बंधवा कर आया था।
गोलू ने बताया कि राखी बंधवाने के समय सोनू काफी खुश था। रात को पता लगा कि उसके भाई ने चौथी मंजिल से खिड़की से कूदकर खुदकुशी कर ली है। सोनू सिर के बल नीचे पक्के फर्श पर गिरा था। नीचे गिरते ही उसका सिर फट गया। पीसीआर उसे एम्स के ट्रामा सेंटर ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गोलू ने बताया कि सोनू का उसकी पत्नी से किसी बात पर झगड़ा हुआ था। साकेत थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।