आबिद जाफराबाद थाने का घोषित बदमाश है। पिछले करीब डेढ़ सालों से यह फरार चल रहा था। आबिद के खिलाफ, हत्या के प्रयास, लूटपाट, चोरी, जुआ खेलने, अवैध हथियार व अन्य करीब 16 मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने दिल्ली के कुख्यात गैंगस्टर इरफान उर्फ छेनू पहलवान गैंग के बेहद करीबी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मौजपुर निवासी आबिद उर्फ सोनू उर्फ नक्का (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल, दो तमंचे और सात कारतूस बरामद किए हैं।
विज्ञापन
आरोपी अपना व अपने गैंग का दबदबा बनाने के लिए सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट करता था। इसके अलावा छेनू के आदेश पर आबिद अपने गैंग के सदस्यों को हथियार सप्लाई करता था। आबिद जाफराबाद थाने का घोषित बदमाश है। पिछले करीब डेढ़ सालों से यह फरार चल रहा था। आबिद के खिलाफ, हत्या के प्रयास, लूटपाट, चोरी, जुआ खेलने, अवैध हथियार व अन्य करीब 16 मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सैन ने बताया कि जिले के स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि छेनू गैंग का बदमाश हथियार लेकर वेलकम इलाके में आने वाला है। पुलिस की टीम ने वेलकम, जनता कॉलोनी के पास ट्रैप लगा दिया। इस बीच आरोपी कमर पर बैग टांगे हुए वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया तो भागने का प्रयास करने लगा। एमसीडी ऑफिस वाली साइड पर आरोपी को काबू कर लिया गया।
विज्ञापन
उसकी तलाशी लेने पर एक पिस्टल व उसमें तीन कारतूस मिले। बैग की तलाशी लेने पर उसमें दो तमंचे और चार कारतूस मिले। आरोपी आबिद ने बताया कि गैंग लीडर के इशारे पर उसने सीलम अहमद नामक बदमाश से हथियारों की डिलीवरी ली थी। अब वह इन हथियारों को लोनी में सप्लाई करने जा रहा था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि इसी साल जाफराबाद के एक मामले में पुलिस को उसकी तलाश थी। पुलिस से बचने के लिए वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।