रबूपुरा/जेवर/बिलासपुर/दनकौर/जारचा/दादरी। पॉलिथीन पर रोक लगाने के फैसले का असर कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में बिलकुल भी देखने को नहीं मिला। रविवार को रबूपुरा में खुलेआम पॉलिथीन का उपयोग हो रहा था। वहीं बिलासपुर में जब लोगों से पूछा गया तो उनका कहना था कि पहले पॉलिथीन का उत्पादन बंद होना चाहिए। यहां पर नगर पंचायत कार्यालय के अफसरों ने व्हृाट्सऐप ग्रुप पर लोगों से अपील की। दुकानदारों का कहना है कि जो पॉलिथीन का स्टॉक है, उसका ही उपयोग करेंगे।
उसके बाद पेपर या कपड़े या जूट का बैग का इस्तेमाल करेंगे। वहीं दादरी नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में भी धज्जियां उड़ीं। नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी समीर कुमार कश्यप ने बताया कि पॉलिथीन का उपयोग बंद कराने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। जल्द ही व्यापारियों के साथ बैठक की जाएगी।
जेवर में काफी लोगों ने कपड़े के बैग ले लिए हैं। यहां पर नगर पंचायत के ईओ दिनेश शुक्ला ने कर्मचारियों के साथ मिलकर मुख्य बाजार और टप्पल व झाजर रोड पर तीन घंटे अभियान चलाया और 100 किलो पॉलिथीन जब्त की। जारचा स्थित एनटीपीसी के जनसंपर्क अधिकारी पंकज सक्सेना ने बताया कि एनटीपीसी टाउनशिप परिसर को पॉलिथीन प्रतिबंधित जोन घोषित किया गया है। टाउनशिप के सभी बाजारों में दुकानदारों को पॉलिथीन उपयोग नहीं करने के आदेश दिए गए हैं। अगर कोई करता है तो उस पर जुर्माना लगाया जाएगा।