सेक्टर-24 थाने में एक महिला ने अपने इंजीनियर पति के खिलाफ शिकायत दी है। आरोप लगाया है कि पति ने उसके फोटो एडिट कर अश्लील बनाकर व्हाट्सऐप पर वायरल कर दिए हैं। साथ ही अश्लील शब्दों का भी प्रयोग किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर पंकज पंत ने बताया कि मूलरूप से वाराणसी निवासी महिला की शादी वाराणसी के ही व्यक्ति से 5 साल पहले हुई थी। पति नोएडा में इंजीनियर है। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति ने दूरी बनानी शुरू कर दी। उसे प्रताड़ित भी करता था। दोनों के बीच तलाक का मामला अदालत में विचाराधीन है।
महिला का आरोप है कि तीन माह पहले पति ने उसके फोटो अश्लील बनाकर व्हाट्सऐप पर वायरल कर दिए। आपत्तिजनक टिप्पणी भी कर रखी थी। पीड़िता की शिकायत को साइबर सेल के लिए भेज दिया है।