जिला उपायुक्त समीरपाल सरो ने बृहस्पतिवार को बाटा पुल पर चल रहे मरम्मत के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग को निर्देश दिया कि जो काम शुरू हुआ है उसे 30 जून तक पूरा कर लिया जाए। पुल के दूसरे हिस्से का काम बरसात के मौसम के बाद किया जाएगा। अगर यह काम लगातार जारी रहेगा तो जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस काम को समयबद्ध व चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। ताकि यातायात सुगम रहे और लोगों को परेशानी नहीं हो। इस निरीक्षण कार्य के दौरान एनएचआई, पीडब्ल्यूडी, पुलिस, जिला प्रशासन व नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे। सरो ने बताया कि बाटा पुल वर्ष 2000 में जनता के लिए खोल दिया गया था। इसे 17 वर्ष हो गए है। इस अवधि में इसका एक भी बार मरम्मत नहीं हुआ है। अब यह जरूरी हो गया है। कहा कि बाटा पुल जो अंबेडकर चौक तक जाता है उसकी लंबाई 700 मीटर मीटर है इसके मरम्मत पर 1.35 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि आवागमन बाधित भी न हो इसलिए वन साइड व्हीकल चलाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इस पुल में कुल 30 एक्सपेंशन ज्वाइंट विस्तार हैं। एक साइड में 15 जबकि दूसरी साइड में भी 15 विस्तार हैं। प्रथम चरण में 4.5 विस्तार जोड़ों का मरम्मत का काम शुरू किया गया है। इस काम को 30 जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। बता दें कि नगर निगम के चीफ इंजीनियर डीआर भास्कर ने इस काम को बंद कराने के लिए उपायुक्त को पत्र लिखा था। जिसमें काम के जारी रहते बरसात में गुरुग्राम जैसे महाजाम की आशंका जताई गई थी।
पहले चरण का काम पूरा होने के बाद काम को बारिश के मौसम तक बंद कर दिया जाएगा। बारिश के बाद इसके ऊपरगामी पुल के शेष बचे विस्तार जोड़ों को की मरम्मत की जाएगी। यह काम 28 फरवरी 2018 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उपायुक्त ने बताया कि इस ऊपरगामी पुल के नीचे लगे बीयररिंग्स की भी मरम्मत की जाएगी। इन्हीं के सहारे पर पुल का पूरा बोझ सहन किया जाता है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पुल की मरम्मत का कार्य पूरा करवाया जाए। ताकि वाहनों की आवाजाही बाधित न हो। उन्होंने बताया कि 30 जून के बाद बारिश की संभावनाओं के मद्देनजर मरम्मत का कार्य रोक दिया जाएगा और इस पुल को वाहनों के लिए पूरी तरह से खोल दिया जाएगा।
सुविधा के लिए खोल दिए गए हैं ओवर ब्रिज
उपायुक्त ने बताया कि नेशनल हाइवे मथुरा रोड पर बाटा चौक, बडखल, पुराना फरीदाबाद, अजरौंदा व एनएचपीसी चौक के ओवर ब्रिज निर्माण के बाद खोल दिए गए हैं ताकि वाहनों की आवाजाही सुगम हो सके। इसके अलावा बल्लभगढ़ में एक और ओवर ब्रिज पर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके अलावा मेवला महाराजपुर वाईएमसीए सहित दो अंडर व्हीकल पास भी वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिए गए हैं।