नोएडा महज तीन साल के बच्चे को डरा-धमकाकर यौन शोषण करने के आरोप में एक नौकरानी को गिरफ्तार किया गया है। मामले का खुलासा तब हुआ, जब नौकरानी के काम छोड़ने के बाद बच्चे की मां उसे नहलाने के लिए गई।
बच्चे के अंदरूनी हिस्सों पर चोट के निशान मिलने पर मां ने पूछताछ की। जिसके बाद उसे घटना का पता चला। सेक्टर-49 पुलिस ने नौकरानी को पॉस्को एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है। जिला अस्पताल में जांच के दौरान भी बच्चे के साथ अप्राकृतिक यौन संबंध बनाए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने बताया कि सेक्टर-50 के एक अपार्टमेंट में रहने वाले परिवार ने तीन महीने पहले दिल्ली स्थित प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए एक नौकरानी को काम पर रखा था। पति-पत्नी दोनों के कामकाजी होने के चलते 3 साल के बच्चे की देखभाल मुश्किल हो रही थी। तीन दिन पहले नौकरानी काम छोड़कर चली गई।
इसके बाद मां अपने बच्चे को नहलाने के लिए गई। बच्चे के अंदरूनी हिस्सों पर चोट देखकर उसने सेक्टर-27 स्थित मैक्स अस्पताल में जांच कराई।