फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

150th Gandhi Jayanti: आज देश से बाहर 35 शहरों में होगा बापू की प्रतिमाओं का अनावरण

Wed, 02 Oct 2019 06:12 AM IST
Trainee Trainee नेहा शर्मा, अमर उजाला, नोएडा 
विज्ञापन
महात्मा गांधी - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन
देश से बाहर 35 शहरों में आज महात्मा गांधी की प्रतिमाओं का अनावरण होगा। इन्हें बनाने का ऑर्डर नोएडा में रहने वाले पद्मभूषण से अलंकृत प्रसिद्ध मूर्तिकार राम वी सुतार को मिला था। उन्होंने भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के माध्यम से प्रतिमाओं की डिलीवरी करा दी है।
विज्ञापन


इससे पहले भी उनकी बनाई गांधी जी की प्रतिमाएं अफ्रीका और अलग - अलग देश, अमेरिका, जापान, कनाडा, मंगोलिया आदि में स्थापित हैं। इन प्रतिमाओं के मॉडल अब भी उनके सेक्टर-63 स्थित स्टूडियो में मौजूद हैं। पूरे विश्व में महात्मा गांधी की हजारों प्रतिमाएं लगी हुई हैं। 

आप भले अन्य देशों में स्थापित बापू की प्रतिमाओं को नहीं देख सकें, लेकिन मूर्तिकार राम वी सुतार के स्टूडियो में इनके मॉडल का दीदार जरूर कर सकते हैं। भारत छोड़ो आंदोलन (1942), नमक सत्याग्रह (1930), असहयोग आंदोलन, अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों को लेकर तत्कालीन राजनेताओं से बातचीत, चिंतन मुद्रा या फिर दक्षिण अफ्रीका में चलाए गए आंदोलन आदि से संबंधित प्रतिमाएं यहां मौजूद हैं।
विज्ञापन


इन्हें देखने पर लगता है जैसे कि हर प्रतिमा आजादी के आंदोलन की गाथा सुना रही है। मूर्तिकार राम वी सुतार ने वर्ष 1948 में हंसते हुए महात्मा गांधी की पहली चार फीट की प्रतिमा बनाई थी। अब यह प्रतिमा दिल्ली की शोभा बढ़ा रही है।

उन्होंने बताया कि देश-विदेश के विभिन्न शहरों के लिए बापू की प्रतिमाएं तैयार कीं, हालांकि नोएडा के लिए अभी तक ऐसी कोई प्रतिमा नहीं बनाई है। इस साल उन्हें देश से बाहर 35 शहरों से प्रतिमाएं बनाने के ऑर्डर मिले थे। राम सुतार के पुत्र अनिल सुतार ने बताया कि सभी जगह प्रतिमाएं भेज दी गई हैं।

दुनिया की सबसे ऊंची बापू की प्रतिमा बनाई

दुनिया की सबसे ऊंची महात्मा गांधी की प्रतिमा भी नोएडा के राम वनजी सुतार ने ही बनाई है। 30 फुट आधार और 40 फुट ऊंची यह प्रतिमा पटना में लगी है। राम वनजी ने बताया कि ऑर्डर मिलने पर सबसे पहले प्रतिमा का मॉडल तैयार किया जाता है। मॉडल फाइनल होने पर प्रतिमा तैयार की जाती है। ऐसे करीब 500 मॉडल उन्होंने अपने स्टूडियो में सहेज कर रखे हैं।

प्रेरित होकर अपना नाम ही गांधी रख लिया

गांधीजी के विचारों से प्रभावित होकर कई लोग समाज सेवा के कार्यों से जुड़े हैं। चिटहेरा निवासी सुनील फौजी ने बताया कि उन्होंने गांधी जी के विचारों से प्रेरित होकर 2009 में दो अक्टूबर को जय जवान जय किसान मोर्चा बनाया गया था। संस्था से जुड़े एक व्यक्ति ने तो अपना नाम ही ओमप्रकाश गांधी रख लिया।

सेक्टर- 19 में रहने वाले ऋषिपाल अवाना ने गांधीजी के विचारों को अपनाते हुए गरीब बच्चों के लिए स्कूल शुरू किया है। इसमें बच्चों को शिक्षा के साथ निशुल्क खाना भी दिया जाता है।  सेक्टर- 55 में राजन श्रीवास्तव लोगों को एक रुपये में खाना मुहैया कर रहे हैं। नोएडा के गांधी कहे जाने वाले महेश सक्सेना गरीब बच्चों और लोगों की मदद में जुटे हैं। नवरत्न फाउंडेशन के प्रमुख अशोक श्रीवास्तव भी गरीबों के लिए काम कर रहे हैं। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री और जय जवान जय किसान का नारा देने वाले लालबहादुर शास्त्री की भी 2 अक्तूबर को ही जयंती है।

गांधी जयंती पर कांग्रेस की पदयात्रा, खुले में शौच मुक्त भारत का एलान

केंद्र सरकार ने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती को साल भर धूमधाम से मनाने का फैसला किया है। संयुक्त राष्ट्र में भी बापू की याद में कार्यक्रम का आयोजन होगा। उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र गांधी जयंती को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में मनाता है।

उधर, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह इस मौके पर रामलीला मैदान से ‘गांधी संकल्प यात्रा’ को रवाना करेंगे। बापू की जयंती के मौके पर मुजफ्फरपुर से दिल्ली के बीच चलने वाली सप्त क्रांति एक्सप्रेस ‘मोहन से महात्मा’ बनने की गांधी की जीवन यात्रा को दर्शाएगी।

बापू की 150वीं जयंती पर यूपी विधानमंडल की लगातार 36 घंटे कार्यवाही का बनेगा रिकॉर्ड

विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित ने कहा है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी (बापू) की 150वीं जयंती पर प्रदेश विधानमंडल की लगातार 36 घंटे कार्यवाही का रिकॉर्ड बनेगा। दोनों सदनों में बुधवार सुबह 11 बजे से बृहस्पतिवार रात 11 बजे तक बापू के जीवन-दर्शन के साथ ही सतत विकास लक्ष्य 2020-30 के सभी 16 बिंदुओं पर चर्चा होगी।

 मंगलवार को लोकभवन में आयोजित प्रेसवार्ता में विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि 2015 में संयुक्त राष्ट्र ने सतत विकास के 17 लक्ष्य निर्धारित किए हैं। भारत ने भी उन पर दस्तखत किया है। केंद्र सरकार सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया था। इसी के तहत विधानमंडल का विशेष सत्र बुलाया गया है। 2 अक्तूबर को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री के भाषण से सत्र की शुरुआत होगी।

इसके बाद सभी दलों के नेता विचार रखेंगे। प्रत्येक लक्ष्य पर संबंधित नोडल विभाग के मंत्री विचार रखेंगे। सभी विधायकों को भी दो-दो विषयों पर अपनी बात रखने का समय दिया जाएगा। ब्यूरो

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि गांधी जयंती पर उत्तर प्रदेश विधानमंडल के लगातार 36 घंटे के सत्र की चर्चा विदेशों तक है। गत दिनों वे युगांडा की यात्रा पर गए थे, वहां भी लोगों ने उनसे इस संबंध में जानकारी ली।
विज्ञापन

कांग्रेस की पदयात्रा आज, प्रियंका भी होंगी शामिल

गांधी जयंती के अवसर पर कांग्रेस बुधवार को राजधानी में पदयात्रा निकालेगी। इसमें पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल होंगी। उनका आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया गया है, वहीं प्रशासन ने भी कांग्रेस को पदयात्रा की अनुमति दे दी है।

कांग्रेस ने पहले दो अक्तूबर को पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री चिन्मयानंद के खिलाफ और शाहजहांपुर की पीड़ित छात्रा को न्याय दिलाने के लिए आक्रोश रैली निकालने की घोषणा की थी, पर मंगलवार को उनके नेताओं के स्वर बदले दिखे। मंगलवार को पार्टी की ओर से जारी प्रेस रिलीज में भी आक्रोश रैली के बाबत कुछ नहीं कहा गया। इससे माना जा रहा है कि कार्यक्रम को गांधी जयंती मनाने तक ही सीमित रखा जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस दो अक्तूबर शहीद स्मारक से जीपीओ पार्क स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल तक पैदल यात्रा निकालेगी। इसमें शामिल होने के लिए प्रियंका गांधी सुबह 10 बजे नई दिल्ली से अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगी।

11:55 पर उनका शहीद स्मारक पहुंचने का कार्यक्रम है। पदयात्रा 1:30 बजे गांधी प्रतिमा पर आएगी, जहां प्रतिमा पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस विधानमंडल दल की उपनेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने बताया कि प्रियंका गांधी 1:40 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर पहुंचेंगी।

कांग्रेस विधायक दल के नेता अजय कुमार लल्लू ने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर कांग्रेस उत्तर प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र का बहिष्कार करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था बेहद खराब है।

विशेष सत्र के नाम पर भाजपा एक ढोंग रच रही है। इसमें हमारे विधायक शामिल नहीं होंगे। शाहजहांपुर की बेटी के बलात्कार के आरेपी चिन्मयानंद पर बलात्कार का मुकदमा दर्ज नहीं हो रहा है। प्रदेश की जनता इन ज्वलंत सवालों पर मुख्यमंत्री का जवाब चाहती है।
कांग्रेस पार्टी ने गांधी जयंती पर मौन जुलूस निकालने की अनुमति मांगी गई थी, जो दे दी गई है। इसका उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन तत्काल मौके पर उचित निर्णय लेगा। -कौशलराज शर्मा, डीएम, लखनऊ
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें