फरीदाबाद में बदरपुर टोल प्लाजा हटवाने की मांग को लेकर रविवार को सेक्टर-37 आरडब्ल्यूए सहित कई सेक्टरों के लोग सड़क पर उतर आए। इस दौरान लोगों ने जबरन टोल बैरियर हटा दिया और सैकड़ों गाड़ियों को बिना शुल्क चुकाए जाने दिया।
सेक्टर-37 आरडब्ल्यूए प्रधान आशा शर्मा ने बताया कि प्रदर्शन में अशोका एन्क्लेव, सराय ख्वाजा बाजार के दुकानदार सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए। लोगों का आरोप था कि कई सेक्टर दिल्ली से बिल्कुल सटे हुए हैं।
ऐसे में लोगों को दिन में कई बार दिल्ली जाना पड़ता है। इससे उन्हें बार-बार टोल चुकाना पड़ता है। इसलिए लोगों की सहूलियत के लिए टोल प्लाजा खत्म करना चाहिए।
प्रदर्शन की सूचना पाकर सराय ख्वाजा एसएचओ टोल प्लाजा कंपनी के अधिकारी के साथ मौके पर पहुंच गए और प्रदर्शनकारियों की बात को शांतिपूर्वक सुना। इसके बाद उनका मांग पत्र लेकर आगे अधिकारियों के पास भेजने का आश्वासन दिया। इसके बाद आक्रोशित निवासी शांत हो गए। इस मौके पर आरएस मदान, विजय किशोर, श्याम सुंदर जेटली सहित अन्य लोग शामिल रहे।
कंपनी ने दी पुलिस को शिकायत
थाना सराय ख्वाजा पुलिस के मुताबिक, हंगामे के बाद टोल कंपनी की ओर से शिकायत दी गई है। जिसमें आरोप लगाया गया है कि हंगामे के दौरान प्रदर्शनकारियों की ओर से जबरन टोल को फ्री कर दिया गया। इस दौरान 100 गाड़ियां बिना टोल दिए चली गई हैं, जिससे कंपनी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।