दुनिया में आयोजित होने वाले अन्य धार्मिक आयोजनों से विशाल है महाकुंभ 2025
विदेशी मीडिया के समक्ष योगी सरकार के अधिकारियों ने बताया कि महाकुंभ 2025 के श्रद्धालुओं की संख्या अन्य बड़े वैश्विक आयोजनों से कहीं अधिक होगी। विश्व के बड़े आयोजन जैसे रियो कार्निवल में लगभग 70 लाख, हज में 25 लाख और ओक्टोबरफेस्ट में 72 लाख लोग शामिल होते हैं। वहीं महाकुंभ 2025 में 45 करोड़ लोगों का आगमन होने की संभावना है, जो इस महाआयोजन की वैश्विक महत्ता को दर्शाता है।
आर्थिक और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा महाकुंभ
अधिकारियों के अनुसार, महाकुंभ 2025 भारतीय अर्थव्यवस्था को बड़े पैमाने पर प्रोत्साहन देगा। इससे अनुमानित व्यापार 2 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। जिससे प्रदेश की जीडीपी में 1% से अधिक की वृद्धि का भी अनुमान है। दैनिक आवश्यक वस्तुओं का कारोबार 17,310 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है, जबकि होटल और यात्रा सेवाओं में 2,800 करोड़ का व्यापार होगा। धार्मिक सामग्री और फूलों का कारोबार क्रमशः 2,000 करोड़ और 800 करोड़ तक हो सकता है।
प्रयागराज का कायाकल्प और बुनियादी ढांचे का किया गया निर्माण
अधिकारियों ने बताया कि महाकुंभ को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रयागराज में बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे का निर्माण किया गया है। इसमें 14 नए फ्लाईओवर और अंडरपास, 9 स्थायी घाट, 7 नई बस स्टेशन और 12 किलोमीटर अस्थायी घाट शामिल हैं। सुरक्षा के लिए 37,000 पुलिसकर्मी, 14,000 होमगार्ड और 2,750 एआई-आधारित सीसीटीवी इंस्टॉल किए गए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं में 6,000 बेड, 43 अस्पताल और एयर एंबुलेंस की व्यवस्था है। स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए 10,200 सफाईकर्मी और 1,800 गंगा सेवादूत तैनात किए गए हैं।
किन्नर अखाड़ा सहित महाकुंभ 2025 में 13 अखाड़ों की भागीदारी
महाकुंभ 2025 में 13 अखाड़ों की भागीदारी हो रही है, जिनमें किन्नर अखाड़ा और महिलाओं के अखाड़े सहित दशनाम संन्यासिनी अखाड़ा शामिल हैं। ये अखाड़े लिंग समानता और प्रगतिशील नजरियए का प्रतीक हैं। यह आयोजन जाति, धर्म और सांस्कृतिक विविधता के बीच एकता को बढ़ावा दे रहा है। महाकुंभ 2025 न केवल धार्मिक आयोजन है, बल्कि यह भारत की सांस्कृतिक धरोहर और आर्थिक समृद्धि को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने का एक बड़ा मंच भी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के ओएसडी संजीव सिंह, सीएम के सलाहकार अवनीश अवस्थी, यूपी के सूचना निदेशक शिशिर, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार मृत्युंजय कुमार आदि लोग मौजूद रहे।