सूत्रों के मुताबिक, ब्लू लाइन के यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर शुक्रवार सुबह नोएडा की ओर से आई ट्रेन टकराई। प्लेटफॉर्म से टकराने के बाद ट्रेन के रुकने तक सभी कोच की एक साइड प्लेटफॉर्म से रगड़ती रही।
इस बारे में पता लगने पर डीएमआरसी ने इस प्लेटफॉर्म पर आने वाली ट्रेनों को प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर शिफ्ट कर दिया। प्लेटफॉर्म नंबर-3 वैशाली की ओर से आने वाली ट्रेनों के लिए बना है। इस प्लेटफार्म पर ही नोएडा की ओर से आने वाली ट्रेनों के रोकने के कारण पूरी लाइन पर सेवा प्रभावित हुई।
यात्रियों में दिखा गुस्सा
पीक ऑवर्स में मेट्रो सेवा प्रभावित होने से ब्लू लाइन के यात्रियों में डीएमआरसी को लेकर रोष की स्थिति दिखाई दी। यात्रियों ने सोशल मीडिया पर जमकर शिकायतें कीं। यात्रियों का कहना था कि ब्लू लाइन पर हमेशा कोई न कोई खराबी रहती है।
प्लेटफॉर्म क्लीयरेंस लेवल गड़बड़ाया
मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद से ही सुबह करीब साढ़े 11 बजे तक प्रभावित रही। डीएमआरसी सूत्रों की मानें तो बृहस्पतिवार रात में यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर हुए ट्रैक की मरम्मत के कार्य के बाद एक पटरी दब गई थी। इसी कारण प्लेटफॉर्म पर पहुंची ट्रेन का प्लेटफॉर्म क्लीयरेंस लेवल गड़बड़ा गया। डीएमआरसी का कहना है कि सुबह ट्रैक की टेस्टिंग की जा रही थी, जिस कारण ट्रेन को प्लेटफॉर्म पर लाया गया।