शनिवार रात को भारत-पाकिस्तान मैच के बाद हुई आतिशबाजी व गोलीबारी में घायल अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के एक छात्र की दोनों आंखों की रोशनी खत्म हो गई है।
बढ़ते संक्रमण को देखते हुए दाईं आंख को सर्जरी कर निकाल दिया गया है जबकि बाईं आंख पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। घायल छात्र के सिर में सौ से अधिक गोली के छर्रे पड़े हैं, लेकिन उनको निकालना और खतरनाक होगा।
लिहाजा चिकित्सकों ने छर्रे नहीं निकालने का निर्णय लिया है। युवक के माता-पिता मंगलवार को ही विदेश से दिल्ली पहुंचे हैं। युवक को उसके दोस्त लेकर इलाज के लिए एम्स पहुंचे थे।
एम्स ट्रॉमा सेंटर की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुषमा सागर ने बताया कि एएमयू के एमटेक छात्र कलीम खान (28) को गंभीर हालात में रविवार को भर्ती कराया गया। भर्ती करने के बाद चिकित्सीय जांच में पता लगा कि युवक की दोनों आंखों की रोशनी पूरी तरह खत्म हो गई है।
वहीं सिर में काफी संख्या में गोली के छर्रे पड़े हैं, लेकिन उनको निकालना बेहद मुश्किल है। डॉ. सागर ने यह भी कहा कि यदि छर्रे निकाले जाते हैं तो स्थिति और ज्यादा खराब हो सकती है, इसलिए छर्रे नहीं निकालने का निर्णय लिया गया है।