दिल्ली-एनसीआर में हाईवे से कार लूटने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को गाजियाबाद की विजयनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनसे चार लग्जरी कारें बरामद की हैं। गिरोह का सरगना भानू 12वीं पास है। वह इंजीनियर बनना चाहता था, मगर पढ़ने में मन नहीं लगता था। फिर उसने गैंग बना लिया।
पिछले दिनों इस गैंग ने विजयनगर और बिसरख में एक ही दिन कार लूट की दो वारदातें की थीं। बिसरख में छह साल के बच्चे को गन प्वाइंट पर कार लूटकर ले गए थे।
एसपी सिटी ने बताया कि मुरादनगर निवासी भानू प्रताप सिंह उर्फ गोलू, विजयनगर निवासी दीपक उर्फ दीपू और मोदीनगर निवासी गुड्डू उर्फ दीपांशु को पुलिस जल निगम रोड से गिरफ्तार किया है। दीपक आठवीं तक और गुड्डू हाईस्कूल तक पढ़ा है। गुड्डू मोदीनगर में रंगदारी के मामले में जेल जा चुका है।