लुटियंस की दिल्ली सौर ऊर्जा से जगमग होगी। पूरे इलाके का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। तकनीक का सहारा लेकर महिला सुरक्षा को पुख्ता करने की योजना है। नई दिल्ली नगर परिषद (एनडीएमसी) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में इन योजनाओं के लिए विशेष प्रावधान किया है। बृहस्पतिवार एनडीएमसी का बजट पास हो गया।
शिक्षा को बढ़ावा दिया जाएगा
एनडीएमसी ने शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मॉडल स्कूल में परिवर्तित करने के लिए पंडारा रोड स्थित नवयुग स्कूल में स्कूल के बुनियादी ढांचे को बेहतर करने का प्रावधान है। सभी 43 एनडीएमसी व नवयुग स्कूलों की प्राथमिक कक्षाओं में आईएफपी आधारित 346 स्मार्ट कक्षाएं स्थापित की जाएगी। एनडीएमसी और नवयुग स्कूलों के टीजीटी और पीजीटी के साथ-साथ दसवीं से बारहवीं के छात्रों को 6181 टैबलेट दिए जाएगे। बच्चें को यूनिफॉर्म नए डिजाइन की दी जाएगे। स्कूलों और अन्य स्थानों में 251 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएगे और अत्याधुनिक तकनीक के साथ इनोवेशन लैब स्थापित की जाएगी।
आर्ट व कल्चर विभाग की स्थापना होगी
एनडीएमसी ने आर्ट व कल्चर को बढ़ावा देने का निर्णय लिया है। इस कड़ी में आर्ट व कल्चर विभाग की स्थापना की जाएगी। वह अगले वर्ष कलाकृतियां व मूर्तियां स्थापित करने पर जोर देगी। सभी प्रमुख चौराहों, गोल चक्करों के साथ सड़कों के किनारे जहां भी जगह उपलब्ध होगी, आकर्षक मूर्तियां लगवाई जाएंगी। साथ में वाल पेंटिंग भी होगी। इसके अलावा कलाकारों के लिए रचनात्मक केंद्र बनाने और जी-20 देशों के राजदूतों के साथ मासिक सांस्कृतिक उत्सव आयोजित करेगी।