घर से बाहर खाने-पीने के शौकीनों के लिए एक अप्रैल का दिन काफी झटके वाला साबित होने जा रहा है। आम बजट में सर्विस टैक्स तकरीबन पौने दो प्रतिशत बढ़ाने की घोषणा तो केंद्रीय वित्त मंत्री ने पहले ही कर दी है। इससे रेस्टोरेंट में लंच और डिनर करना महंगा होना तय था। मगर अब लोगों को दूसरा झटका हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (हुडा) ने दे दिया है। शहर के बससे बड़े रेस्टोरेंट हब सेक्टर-29 में पार्किंग के लिए अब लोगों को मोटी रकम चुकानी होगी। जो अब तक नि:शुल्क थी।
सेक्टर-29 के रेस्टारेंट हब में दर्जनों छोटे-बड़े रेस्टोरेंट, कैफे और होटल हैं। रोजाना यहां हजारों लोगों का आना जाना है। काफी लोग यहां अपने परिवार के साथ ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर के लिए आते हैं। अब उन्हें एक अप्र्रैल से पहले के मुकाबले अधिक पैसे खाने-पीने पर खर्च करने होंगे। अब तक सेक्टर-29 के रेस्टोरेंट हब में पार्किंग कुछ वर्षों से मुफ्त है। हालांकि इससे पहले यह पेड थी। अब हुडा एक अप्रैल से इसे फिर से पेड बनाने जा रहा है। जब यह पार्किंग पेड थी तो यहां बाइक वालों के लिए यह नि:शुल्क थी। सिर्फ कारों को पार्किंग शुल्क देना होता था। मगर अब हुडा की नई व्यवस्था के तहत इसे भी पेड की श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया है। यह पार्किंग व्यवस्था प्रति घंटे के हिसाब से होगी।
आरडब्ल्यूए पदाधिकारी दिनेश वशिष्ठ का कहना है कि आम आदमी पर इसकी मार पड़ेगी। जो लोग हफ्ते या महीने में परिवार के साथ बाहर खाने पर जाते हैं उन्हें काफी दिक्कत होगी। जब यह पार्किंग काफी समय से नि:शुल्क थी तो इसे वैसा ही रखना चाहिए। रेस्टोरेंट संचालकों का का भी कहना है कि पार्किंग रेट ज्यादा होने से उनके कारोबार पर भी इसका असर पड़ेगा। सेक्टर-29 में बीकानेर के सामने वाली पार्किंग की बोली सबसे अधिक लगी है। यह प्रति महीने 20 लाख पर छूटी है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोगों पर कितना आर्थिक दबाव बढ़ेगा।
यहां आने वालों को लगेगा पार्किंग का झटका...
-बीकानेर वाला
-21 गन सैल्यूट
-रूट कैफे
-पोर्क यू टू
-ममागोटो
-पिंड बलूची
-स्पागेटी किचेन
-मेनलैंड चाइना
-होफ एंड ब्रू
-कैफे गार्टिनों
-गोला सिजलर्स
-ससुराल
-यो चाइना
-चिन चिन
-डाउन टाउन डिनर्स
(यह सभी रेस्टोरेंट सेक्टर-29 के रेस्टोरेंट हब में हैं)