कापसहेड़ा इलाके में मंगलवार सुबह एलपीजी रिसाव के बाद एक घर में आग गई। आग लगते ही वहां मौजूद महिला दो बच्चों को लेकर बाहर निकल गई, लेकिन उसके पति की आग में झुलसकर मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त विनय चौधरी (36) के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद विनय का शव परिवार को सौंप दिया है। कापसहेड़ा थाना पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से नेपाल का रहने वाला विनय गली नंबर-1 में राम निवास यादव के मकान में तीसरी मंजिल पर किराए पर रहता था। इसके परिवार में पत्नी सीमा देवी और दो बच्चे हैं। विनय प्राइवेट नौकरी करता था। मंगलवार सुबह करीब 6.00 बजे उसकी पत्नी चाय बनाने के लिए उठी। जैसे ही उसने माचिस जलाया, उसी दौरान अचानक आग लग गई। सीमा बच्चों को लेकर बाहर आ गई।
पड़ोसियों ने शोर-शराबा सुनकर मामले की सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी। वहीं विनय को किसी तरह 100 फीसदी झुलसी हुई हालत में कमरे से बाहर निकाला। दमकल की दो गाड़ियों के अलावा पुलिस भी वहां पहुंच गई। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस मामला दर्ज कर आग के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस को घर से एलपीजी सिलेंडर सुरक्षित मिला है।