मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज की ओर से किए गए हालिया शोध में हुआ खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बच्चों में होने वाली हड्डियों की बीमारी न्यूट्रिशनल रिकेट्स के इलाज को लेकर किए गए एक नए अध्ययन में पता चला है कि विटामिन डी की कम और ज्यादा डोज देने से इलाज के परिणामों में कोई बड़ा अंतर नहीं पाया गया।
यह खुलासा मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज द्वारा किए गए हालिया शोध में हुआ है। न्यूट्रिशनल रिकेट्स आमतौर पर शरीर में विटामिन-डी, कैल्शियम या फॉस्फेट की कमी के कारण होता है। इस बीमारी में बच्चों की हड्डियां कमजोर हो जाती हैं और उनके विकास पर भी असर पड़ सकता है। डॉक्टर अक्सर इसके इलाज के लिए विटामिन-डी की दवा देते हैं, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं था कि कम डोज ज्यादा फायदेमंद है या ज्यादा डोज।
इसी सवाल का जवाब जानने के लिए वैज्ञानिकों ने एक व्यापक अध्ययन किया। इस शोध में 18 साल से कम उम्र के उन बच्चों से जुड़े कई क्लिनिकल ट्रायल का विश्लेषण किया गया, जिन्हें न्यूट्रिशनल रिकेट्स था। अध्ययन में कुल चार प्रमुख शोधों को शामिल किया गया, जिनमें कम डोज (3 लाख आईयू या उससे कम) और ज्यादा डोज (3 लाख से 6 लाख आईयू) विटामिन-डी के असर की तुलना की गई। इन अध्ययनों के परिणामों का विश्लेषण करने के बाद पाया गया कि दोनों समूहों में 12 सप्ताह के बाद शरीर में विटामिन-डी के स्तर में लगभग समान सुधार देखा गया।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि अध्ययन के दौरान किसी भी बच्चे में विटामिन-डी की दवा से जुड़ा कोई गंभीर दुष्प्रभाव सामने नहीं आया। इससे यह संकेत मिलता है कि दोनों प्रकार की डोज सुरक्षित हैं। शोधकर्ता डॉ. आशिमा डबास का कहना है कि इस अध्ययन के नतीजों से यह समझने में मदद मिलती है कि बच्चों में रिकेट्स के इलाज के लिए विटामिन डी की बहुत ज्यादा डोज देना जरूरी नहीं है।