गाजियाबाद के इंदिरापुरम न्यायखंड-1 निवासी 11वीं की छात्रा को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने परिजनों के साथ शनिवार को अभयखंड चौकी पर हंगामा काटा।
पुलिस ने छात्रा को खोड़ा के लोकप्रिय विहार से बरामद कर लिया मगर आरोपी भाग निकले। पुलिस पर अनदेखी का आरोप लगा रहे लोगों ने जमकर नारेबाजी की।
आला अधिकारियों तक मामला पहुंचा तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों का आरोप है युवक ने हिंदू बनकर किशोरी से दोस्ती की और अपनी मां के साथ धर्म परिवर्तन करवाने की कोशिश की।
ब्यूटी पार्लर चलाने वाली मां और बेटा
न्यायखंड-1 में रहने वाले निजी कंपनी कर्मी की बेटी दिल्ली के विनोद नगर स्थित स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा है। आरोप है कि पास ही में ब्यूटी पार्लर चलाने वाली शबाना का बेटा हारुन अपना नाम अरुण बताकर उनकी बेटी के पीछे पड़ा था।
10 सितंबर को शबाना अपने बेटे के साथ छात्रा को बहला-फुसलाकर ले गई। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की। आरोप है कि पुलिस मामले की अनदेखी करती रही।
शनिवार को जब हिंदू संगठनों को मामले की जानकारी हुई तो वे चौकी पर इकट्ठा होकर हंगामा करने लगे। इसके बाद तुरंत पुलिस हरकत में आई और खोड़ा के लोकप्रिय विहार से लड़की को बरामद कर लिया। हालांकि आरोपी वहां से भाग निकले।
लोगों का आरोप है कि ब्यूटी पार्लर की संचालिका शबाना उर्फ मुस्कान हिंदू लड़कियों को बरगलाकर मुस्लिम लड़कों से उनकी शादी करवाती है। इसके बाद उनका धर्म परिवर्तन करवाया जाता है।
ऐन मौके पर पहुंची पुलिस, करा रहे थे धर्म परिवर्तन
आरोप है कि जब पुलिस खोड़ा पहुंची तो किशोरी का धर्म परिवर्तन करवाया जा रहा था। मगर पुलिस के सामने ही आरोपी भाग निकले।
एसओ इंदिरापुरम हरिदयाल यादव ने बताया है कि परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने हाजी तय्यब नामक व्यक्ति के घर से किशोरी को बरामद किया है।
हारुन राजा उर्फ अरुण, हाजी तय्यब, शबाना मुस्कान उर्फ मिथिलेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही है। लोगों ने शबाना पर सैक्स रैकेट चलाने और धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया है, जिसकी जांच की जा रही है।
हिंदू संगठनों ने जताया कड़ा विरोध
हिंदू रक्षा दल के संस्थापक पिंकी चौधरी ने बताया कि लव जेहाद प्रदेश में बढ़ता जा रहा है। पुलिस इसे रोकने की बजाय बढ़ावा देने में जुटी है।
उधर बजरंग दल के विभाग प्रभारी कामेश्वर त्यागी ने बताया कि पुलिस भले कुछ न करे मगर इस प्रकार के मामलों में वे पीछे नहीं हटेंगे। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तो धरने-प्रदर्शन को मजबूर होंगे।