नजीब अहमद की मां ने बेटे की वापसी के लिए हाईकोर्ट से लगाई गुहार
- फोटो : अमर उजाला
जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय कैंपस से 14 अक्तूबर 2016 से लापता छात्र नजीब अहमद की मां फातिमा नफीस ने हाईकोर्ट के जज की अध्यक्षता में कमेटी बनाकर समयबद्ध तरीके से बेटे को तलाशने की मांग रखी है।
इसके अलावा मानव संसाधन विकास मंत्रालय से भी दखल की मांग करते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन से इस पूरे मामले में रिपोर्ट मंगवाने का आह्वान किया है। खास बात है कि मां की पुकार के चलते ही देशभर के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में करीब 25 लाख छात्रों ने नजीब को तलाशने के लिए हस्ताक्षर किए हैं, जोकि राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग को सौंपें जाएंगे।
प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित प्रेस वार्ता में शुक्रवार को बदायूं निवासी व नजीब अहमद की मां फातिमा नफीस दिल्ली पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि चार महीने से पुलिस मेरे बेटे को तलाश नहीं पाई। महज केस से जुड़े पुलिस अधिकारियों के तबादले की बात कह कर पुलिस जिम्मेदारी से मुंह नहीं मोड़ सकती है।