दिल्ली रेलवे पुलिस ने चलती ट्रेन में सिवान के ज्वैलर के कर्मचारी को चाकू मारकर करोड़ों के जेवरात की डकैती के मामले के मास्टरमाइंड व उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया है।
रेलवे पुलिस उपायुक्त दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि सिवान के एक ज्वैलर के यहां काम करने वाला लाल बाबू 9 मई को जेवरात लेने के लिए चांदनी चौक के कूचा महाजनी आया था।
यहां से डेढ़ किलो आभूषण लेने के बाद वह नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने के लिए सदर बाजार से लोकल ट्रेन में चढ़ा। नई दिल्ली से उसे बिहार की ट्रेन पकड़नी थी। सदर बाजार रेलवे स्टेशन से ट्रेन के चलते ही चार-पांच बदमाशों ने लाल बाबू पर चाकू से हमला जेवर लूट लिए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला। पुलिस को शक था कि जहां से जेवरात लिए गए उसी दुकान से बदमाशों को जानकारी दी गई। पुलिस ने दुकान के कर्मचारियों से पूछताछ की और उनके मोबाइल डाटा खंगाला। कर्मचारी मुकेश शर्मा पर शक हुआ तो पुलिस ने उससे पूछताछ की।
उसने बताया कि घटना का मास्टर माइंड दिनेश है, जो फिलहाल शादी में गया बिहार गया है। पुलिस टीम ने गया पहुंचकर दिनेश को गिरफ्तार कर लिया। दिनेश ने बताया कि उसको कारोबार में 10 लाख का घाटा हो गया था। वह चांदनी चाौक के एक दुकान में काम करता है।
नुकसान की भरपाई के लिए उसने डकैती की साजिश रची। दिनेश को पता था कि बिहार केे कुछ ज्वैलर के कर्मचारी आभूषण लेकर जाते हैं। मुकेश ने उसे जानकारी दी। इसके एवज में उसे पांच लाख रुपये देने की बात कही। घटना वाले दिन से पहले मुकेश, दिनेश और उसका एक सहयोगी संतोष ने घटना की रूपरेखा तैयार की। संतोष और उसके सहयोगियों ने वारदात को अंजाम दिया। अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है।