अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द्वारका एक्सप्रेसवे पर खिलौने की पिस्टल के दम पर हुई लाखों की लूट के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस की द्वारका सेक्टर 23 थाना टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए 11.96 लाख रुपये और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप, संतोष महतो और सूरज सोनकर के रूप में हुई है। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के अनुसार, 6 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे लूट की सूचना मिली थी। पीड़ित नांगलोई निवासी जय प्रकाश से बदमाशों ने पिस्टल के बल पर 15.33 लाख रुपये लूट लिए थे।
घटना द्वारका सेक्टर 23 स्थित फ्लाईओवर के पास दिल्ली अपार्टमेंट्स के सामने हुई। आरोपियों ने पीड़ित का मोबाइल फोन तोड़ दिया और नकदी से भरा बैग व बाइक की चाबी लेकर फरार हो गए। जांच के दौरान निरीक्षक प्रेम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हरि नगर से बिजवासन तक लगे 30-35 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके आधार पर पहले संदीप को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसके खुलासे के बाद संतोष महतो और सूरज सोनकर को भी पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, खिलौने की पिस्टल और स्कूटी बरामद कर ली है। मामले की आगे की जांच जारी है।