बाइक सवार बदमाशों ने सोमवार शाम 4:30 बजे कंपनी कर्मचारियों से कार सहित एक किलो सोना लूट लिया। बदमाशों ने घटनास्थल के कुछ दूर कार को छोड़ दिया और सोना लेकर बाइक से फरार हो गए। वारदात कोतवाली फेज-टू क्षेत्र के सेक्टर-82 में हुई। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक एनएसईजेड स्थित दिव्या क्रिएशन कंपनी है। इस कंपनी का ओखला, दिल्ली में ज्वेलरी शोरूम है। कंपनी दिल्ली में सोने से ज्वेलरी का निर्माण करती है। सोमवार शाम को कंपनी के कर्मचारी अभय व अरविंद कंपनी एक किलो सोना लेकर रिट्ज कार से एनएसईजेड से दिल्ली जा रहे थे।
शाम करीब 4:30 बजे सेक्टर-82 के पास एक कर्मचारी धूम्रपान के लिए उतरा। तभी काली पल्सर सवार दो बदमाश वहां आए और दोनों कर्मचारियों को सरेआम गन प्वाइंट पर ले लिया। इसके बाद एक बदमाश कार और दूसरा बदमाश पल्सर से भाग गए। सेक्टर-110 में बदमाशों ने कार छोड़ दिया और सोना लेकर पल्सर से फरार हो गए। बताया जाता है कि कार के डैश बोर्ड में एक किलो सोना रखा हुआ था। वारदात के बाद कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी।
एनपीयू का भी कोई असर नहीं
शहर में नोएडा पेट्रोल यूनिट यानी एनपीयू का गठन स्ट्रीट क्राइम रोकने के लिए किया गया था। लेकिन इसका का भी कोई असर क्राइम पर नहीं पड़ा। लगातार लूट व स्नैचिंग की वारदात हो रही हैं। एनपीयू पर भी अब उगाही के आरोप लगने लगे हैं। आरोप है कि चेकिंग के दौरान मनमानी करते हैं। इनका ध्यान अब केवल चेकिंग व चालान पर है। इस कारण अपराध की घटनाएं नहीं रोक पा रहे हैं।
फेज टू में बढ़ गया अपराध का ग्राफ
कोतवाली फेज टू क्षेत्र में लगातार बड़ी वारदात हो रही हैं। ज्वेलरी लूट से पहले एटीएम में लूट से लेकर कई वारदात हो चुकीहैं। स्थानीय लोग औद्योगिक सेक्टर में पुलिस पर गश्त नहीं लगाने के आरोप लगाते हैं। वहीं, औद्योगिक क्षेत्रों में रोजाना चेन स्नेचिंग व मोबाइल लूट की घटनाएं हो रही हैं।
घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-वैभव कृष्ण, एसएसपी।