साइबर सिटी के पॉश इलाके में रहने वाले एक एनआरआई के घर पर चोरी की बड़ी वारदात का मामला सामने आया है।
हैरत की बात है कि विदेश जाने से पहले बुजुर्ग एनआरआई ने मकान की सुरक्षा के लिए पुलिस को भी ई-मेल किया था, लेकिन इसके बावजूद यहां चोरी की वारदात होने के बाद पुलिस की गंभीरता से पर सवाल खड़ा हो गया है।
शुक्रवार देरशाम तक पुलिस की तरफ से मामला दर्ज नहीं किया है। सुशांत लोक सी ब्लॉक-146 में रहने वाले विनित गोयल नवंबर में विदेश थे।
एक जनवरी को ही वे गुड़गांव स्थित अपने घर लौटे लेकिन यहां पर घर की अलमारी, लॉकर समेत सारा सामान उथल-पुथल देखकर सन्न रह गए। चोरी का अंदेशा होने पर उन्होंने पुलिस को सूचित कर दिया।
सूचना मिलते ही सुशांत लोक थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन एनआरआई की तरफ से पुलिस को कोई बयान नहीं दिए जाने से पुलिस के लिए जांच मुश्किल हो गई।
एनआरआई ने बताया कि विदेश जाने से पहले उन्होंने संयुक्त पुलिस आयुक्त को ई-मेल भेजकर उनके घर की सुरक्षा की मांग की थी। जिसे पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता से नहीं लिया।
दूसरी तरफ एनआरआई ने इस मामले में करोड़ों के गहने और नगदी सामान चोरी होने की बात कहते हुए पुलिस को भी सकते में डाल दिया है। इस मामले के सामने आने के बाद शुक्रवार को डीसीपी ईस्ट दीपक सहारण और एसीपी डीएलएफ दलबीर सिंह मौके पर पहुंचे।
घटनास्थल का मौका मुआयना करने के बाद उन्होंने कहा कि मामले की तफ्तीश की जा रही है। डीसीपी ईस्ट ने इसे साधारण चोरी करार देते हुए करीब 20 लाख के गहने और अन्य सामान चोरी की बात कबूली है।
हालांकि अभी तक इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया है। एनआरआई की तरफ से लिखित शिकायत मिलते ही मामला दर्ज कर लिया जाएगा। पुलिस जांच में जुटी हुई है।