पूर्वी दिल्ली। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे हुई हल्की बारिश के बाद जीटी रोड पर यातायात प्रभावित हो गया। कश्मीरी गेट से शाहदरा और गाजियाबाद की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे वाहन चालकों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा और गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई। बारिश शुरू होने के कुछ देर बाद ही वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ने लगी। सड़क पर पहले से अधिक यातायात दबाव होने के कारण कई स्थानों पर स्थिति बिगड़ गई। कश्मीरी गेट की ओर से शाहदरा जाने वाले वाहन भी जाम में फंसे रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार जीटी रोड पर दिनभर वाहनों का दबाव रहता है। बारिश के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती जरूरी है। लोगों ने यातायात पुलिस से बारिश के समय निगरानी बढ़ाने की मांग की है। ब्यूरो