टोल शुरू होने के दूसरे दिन फरीदाबाद-दिल्ली स्थित बदरपुर सीमा के टोल प्लाजा पर वाहनों की कतारें लग गई। जिसके चलते वाहन चालकों को टोल प्लाजा पार करने के लिए काफी समय गंवाना पड़ा। फुटकर की किल्लत के चलते एक वाहन को टोल क्रॉस करने में पांच से दस मिनट तक गंवाने पड़े।
बताया जा रहा है कि दूसरे दिन भी टोल पर डिजिटल भुगतान करने वालों की संख्या बढ़ी है, लेकिन दो हजार और पांच सौ का नोट देकर टोल का भुगतान करने वालों की वजह से समस्या बढ़ रही है। रविवार को सुबह से ही बदरपुर-फरीदाबाद फ्लाईओवर के सभी टोल बूथ पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
आमूमन टोल बूथ पर चार से पांच वाहनों की वेटिंग होती थी, लेकिन रविवार को पंद्रह से बीस वाहन प्रत्येक लेन में देखे गए। सोमवार को वाहनों की संख्या बढने पर दिक्कत और बढ़ सकती है। वहीं, वाहन चालकों की सुविधा के लिए फास्टटैग लेन रविवार को भी शुरू नहीं हो सकी।