लोकसभा टिकट को लेकर आम आदमी पार्टी में खींचतान तय मानी जा रही है। टिकट के दावेदारों की लंबी फेहरिस्त में पांच नाम पार्टी की जिला इकाई को चुनने होंगे।
अब यह पांच नाम कौन से होंगे, इसको लेकर जिला इकाई में जबरदस्त उलझन बनी हुई है। दावदारों की बढ़ी संख्या के चलते प्रत्याशी के चयन में अभी और विलंब हो सकता है।
यह भी पढ़ें:बंधक बने आप के विधायक ने शुरू किया धरना
पिछले दिनों एक संभावित उम्मीदवार के नाम ने ही पार्टी में बगावत के हालात पैदा कर दिए थे। पार्टी के नेताओं को इस मामले में दखल देना पड़ा था। स्थानीय इकाई में एक बार फिर बगावत की संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता।
प्रत्याशी के चयन की कड़ी प्रक्रिया के बाद भी टिकट के लिए दावा जताने वालों में होड़ मची हुई है। टिकट के लिए 7, 9 और 14 फरवरी को इंटरव्यू हुए थे। जिसमें गौतमबुद्ध नगर के 80 से 85 उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था। इंटरव्यू देने से चूके उम्मीदवारों को एक और मौका दिया गया, जिसके बाद संख्या 100 के आंकड़े को पार कर गई है।
यह भी पढ़ें:आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर फिर किया 'लेटर वार'
क्योंकि, टीम अन्ना से आम आदमी पार्टी तक के सफर का गवाह नोएडा रहा है। ऐसे में इस सीट पर प्रत्याशी के नाम की घोषणा में हो रही देरी कार्यकर्ताओं को अखर रही है। दावेदारों के शतक में से एक नाम का चयन करना पार्टी के लिए टेढ़ी खीर साबित होगा।
इसको ध्यान में रखते हुए स्थानीय इकाई दावेदारों का आंकलन करते हुए पांच नाम तलाशने में जुट गई है। टिकट किसको मिलेगा यह तो वक्त ही बताएगा, लेकिन दावेदारों की भीड़ के बीच टिकट के लिए घमासान तय माना जा रहा है।