आम आदमी पार्टी (आप) का केंद्रीय वॉर रूम शुक्रवार से काम करने लगा है। अलग-अलग क्षेत्र के विशेषज्ञों के सहारे बनाई गई 20 सदस्यीय पर इसे चलाने का जिम्मा होगा। केंद्रीय वॉर रूम लोक सभा क्षेत्रों में बनने वाले वॉर रूम के समन्वय करेगा। साथ ही अपने प्रचार अभियान व विपक्षी दलों की गतिविधियों पर भी यहां से नजर रखी जाएगी। वॉर रूम से तैयार होने वाली रिपार्ट रोजाना दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय के सामने रखी जाएगी। इसके आधार पर जरूरी होने पर आप अपनी रणनीतियों में बदलाव करेगी।
एक पदाधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ विधान सभा के प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाने वाले सुरेश कठैत वॉर रूम की अगुवाई करेंगे। वहीं, हर लोक सभा के लिए एक-एक संयोजक होगा। जबकि पूरी दिल्ली में होने वाली जनसभाओं के जिम्मेदारी एक सदस्य की होगी। इसके अलावा वार रूम में घोषणा पत्र, रिसर्च, सोशल मीडिया, लीगल, चुनावी मामलों आद से जुड़ी टीमें भी काम करेंगी। हर टीम अपने-अपने कामों पर दैनिक रिपोर्ट तैयार करेगी। इसके आधार पर वॉर रूम की अपनी संयुक्त रिपोर्ट बनेगी। इसमें दिन भर की सियासी हलचलों का लेखा-जोखा रहेगा। अगले हफ्ते से सभी लोक सभा क्षेत्रों के भी वॉर रूम काम करने लगेंगे।
वहीं, केंद्रीय वॉर रूम का उद्घाटन करते हुए गोपाल राय ने बताया कि वार रूम संसदीय सीटों पर हो रही चुनावी गतिविधियों की पूरी रिपोर्ट तैयार करेगा। हर काम की जिम्मेदारी अलग-अलग व्यक्ति को दी गई है। वार रूम के लोग लोकसभा वार और विधानसभा वार तैनात पर्यवेक्षकों के साथ समन्वय का काम करेंगे। यह टीम दिल्ली में दिनभर चुनावी गतिविधियों की जानकारी शीर्ष नेतृत्व को उपलब्ध कराएगी।