पहले चरण के चुनाव प्रचार के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पश्चिमी यूपी की बड़ी लोकसभा सीट गाजियाबाद में जनसभा करने पहुंचे हैं। गाजियाबाद में घंटाघर रामलीला मैदान में जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कांग्रेस के लोग आतंकवादियों को बिरयानी खिलाते थे और मोदी जी की सेना आतंकवादियों को 'गोली' और 'गोला' देती है। कांग्रेस के लोग मसूद अजहर जैसे आतंकवादियों के साथ 'जी' लगाकर आतंकवाद को प्रोत्साहित करते हैं, यही अंतर है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस के साथ-साथ समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और रालोद पर भी नकारात्मक राजनीतिक करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'भाजपा को रोकने के लिये गैर-भाजपाई दल नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। दुर्भाग्यपूर्ण है कि सीआरपीएफ जवानों की शहादत के परिणामस्वरूप की गई भारतीय वायुसेना की कार्रवाई पर भी ये दल सवाल खड़े कर रहे हैं। देश और प्रदेश की जनता निश्चित तौर पर नकारात्मक राजनीति करने वाले दल एवं उनके प्रत्याशियों को सबक सिखाएगी।'
योगी ने कहा, 'अखिलेश सरकार में कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे पर प्रतिबंध लगाया गया था। योगी सरकार ने सत्ता में आने के बाद कांवड़ यात्रा को नया रूप देने का काम किया।' ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के बीच योगी ने कहा, 'गाजियाबाद की धरती पर लोग एक बार फिर से नरेंद्र मोदी को देश के प्रधानमंत्री के तौर पर चुनने के लिए एकत्र हुए हैं। यहां की आवाज प्रदेश की सभी 80 सीटों तक पहुंचनी चाहिए।'