चांदनी चौक में बूथ न.32 पर मतदाता
- फोटो : ANI
चांदनी चौक संसदीय सीट के बूथ नंबर-32 पर रविवार को पुनर्मतदान हुआ। शाम 6 बजे तक महज 42.14 फीसदी मतदान हुआ। बेला रोड स्थित गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सुबह से ही मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। बूथ के अधिकतर मतदाताओं के रोजा रखने की वजह से जैसे ही उन्हें वक्त मिला अपने परिजनों के साथ मतदान केंद्र तक पहुंचे। पिछली बार 655 में से इस बार कुल 276 वोट किए गए जो पहले की तुलना में कम है।
12 मई को मॉक पोल के दौरान हुई लापरवाही के कारण बूथ पर पुनर्मतदान कराने के आदेश दिए गए थे। रविवार को सुरक्षा के लिहाज से पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती गई थी जबकि केंद्र से कुछ दूरी पर भी पुलिस पूरे दिन मुस्तैद रही। वोटिंग के लिए पहुंचने वालों के पास मोबाइल या कोई अन्य ऐसे उपकरण न हो, जिससे मतदान की पारदर्शिता प्रभावित हो इसका खास ध्यान रखा जा रहा था। मतदान के लिए महिलाओं की संख्या में भी पहले की तुलना में बढ़ोतरी हुई है।
वक्त पुरुष महिला कुल मत
9 बजे 19 04 23
11 बजे 58 39 97
1 बजे 86 66 152
3 बजे 116 83 199
4 बजे 140 110 250
6 बजे 152 124 276
पिछले रविवार से बूथ नंबर-32 पर कम हुआ मतदान
पिछली बार 655 में से कुल 332 वोट डाले गए थे। इनमें से 50 वोट मॉक पोल के दौरान के थे। इन 50 वोटों को डिलीट भी कर दिया जाए तो वोटों क संख्या 282 होती है। जबकि इस बार कुल 276 लोगों ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया।