लोकसभा चुनाव 2019 के पहले चरण का मतदान समीप है। एनसीआर के गाजियाबाद में भी पहले ही चरण में मतदान डाले जाएंगे। इसी के चलते प्रियंका गांधी वाड्रा 5 अप्रैल को गाजियाबाद में रोड शो करेंगी और कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा के लिए वोट मांगेंगी।
बताया जा रहा है कि प्रियंका का गाजियाबाद का रोड शो दोपहर तीन बजे दूधेश्वर नाथ मंदिर से शुरू होगा। इसके बाद वह घंटाघर पर शहीद भगत सिंह की मूर्ति को माल्यार्पण करते हुए अनाज मंडी से गुजरेंगी और डासना गेट के बाद नवयुग मार्केट पहुंचेगा, जहां इसका समापन होगा। प्रियंका यहां एक सभा को भी संबोधित करेंगी।
राहुल, प्रियंका और सिंधिया आठ को पश्चिम यूपी के दौरे पर
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपने दोनों महासचिव प्रभारियों प्रियंका गांधी वाड्रा और ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ पश्चिम यूपी में अपनी ताकत दिखाएंगे। पार्टी ने इसके लिए इसके लिए तीन लोकसभा सीट सहारनपुर, कैराना और बिजनौर को चुना है। सहारनपुर और कैराना में तीनों नेताओं की जनसभा होनी है। जबकि बिजनौर में रोड शो होगा। दूसरे चरण के लिए प्रियंका गांधी अलीगढ़, हाथरस और फतेहपुर सीकरी में कांग्र्रेस उम्मीदवारों का प्रचार करेंगी।
कांग्रेस पहले चरण के चुनाव वाली की सीटों के साथ पश्चिम यूपी में अपनी खाई ताकत को दिखाने के साथ किसानों और ग्रामीण इलाकों में किए गए वादों और योजनाओं पर चर्चा करना चाहती है।
भाजपा की ओर से पश्चिम यूपी में पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर और फिर मेरठ में प्रधानमंत्री नरेंद मोदी की जनसभाएं हो चुकी हैं। लिहाजा कांग्रेस अध्यक्ष गन्ना किसानों के बकाये के सवाल उठाकर भाजपा को कटघरे में खड़ा करना चाहती है।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक पश्चिम यूपी में पार्टी बहुत बड़ी जीत के लिए आश्वास्त नहीं है लेकिन कांग्रेस नेताओं का दौरा उन सीटों पर रखा गया है जहां पार्टी को जीतने की उम्मीद है। कांग्रेस अपनी इन सीटों के साथ भाजपा को नुकसान पहुंचाना चाहती है जिसका फायदा कहीं तक सपा-बसपा-रालोद गठबंधन को मिल सके। कांग्रेस ने रालोद के लिए इसी इलाके में दो सीटें मुजफ्फरनगर और बागपत छोड़ी है। पश्चिमी यूपी के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया भी 7 अप्रैल को गौतमबुद्धनगर से कांग्रेस उम्मीदवार डा.अरंविद सिंह के समर्थन में एक रोड शो करेंगे। नोएडा में रोड शो के बाद सिंधिया खुर्जा में जनसभा को संबांधित करेंगे।