देश के "गणतंत्र को फिर से प्राप्त करने" के लिए सबको एकजुट होने की जरूरत है, जिससे सांप्रदायिक और घृणा की राजनीति को हराया जा सके। ये बातें अभिनेता प्रकाश राज ने दिल्ली में एक प्रेस कांफ्रेंस में कीं। इस दौरान उन्होंने दिल्ली में आम आदमी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करने की योजनाओं का भी खुलासा किया।
बता दें कि प्रकाश राज बेंगलुरु सेंट्रल सीट से निर्दल प्रत्याशी के रूप में लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली में 'आप' के लिए एक हफ्ते तक प्रचार करेंगे। आम आदमी पार्टी स्वास्थ्य और शिक्षा के आधार पर चुनाव लड़ रही है।
उन्होंने कहा कि यह वही समय है जब पूरे देश को एकजुट होना चाहिए। मेरा विश्वास है कि देश में अलग-अलग विचार रखने वाले लोग भी एकजुट होकर लोकतंत्र को बचाने आएंगे। अपने गणतंत्र को पुनः स्थापित करने के लिए सरकार की सांप्रदायिक और नफरत की राजनीति को खत्म करना पड़ेगा।
वहीं आम आदमी पार्टी मुख्यालय में पार्टी के दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने कहा कि प्रकाश राज उन 'आम' लोगों में से एक हैं, जो उसी विचारधारा पर काम करते हैं जो 'आप' की है, इन्हीं कार्यों को देखते हुए प्रकाश यहां आए हैं।
उन्होंने कहा कि मैं ऐसे उम्मीदवारों और पार्टी का समर्थन करने के लिए यहां हूं, जो अन्य दलों की तुलना में इस चुनाव में बदलाव के लिए लड़ रही है। बता दें कि राज शनिवार शाम को उत्तर पूर्व लोकसभा क्षेत्र से अपने दिल्ली अभियान की शुरुआत करेंगे। वे बाबरपुर में आप उम्मीदवार दिलीप पांडे के समर्थन में एक बैठक करेंगे। वहीं रविवार को नई दिल्ली और पूर्वी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्रों में भी प्रचार करेंगे।