वामपंथी दलों और उनके छात्र संगठनों ने आम आदमी पार्टी को लोकसभा चुनाव में समर्थन देने का फैसला किया है। बुधवार को सीपीआई (एम), सीपीआई (एमएल), एआईसीसीटीयू व आइसा ने प्रतिनिधियों ने आप के कार्यालय पहुंचकर अपना समर्थन पत्र सौंपा। वहीं जेएनयू छात्र संघ ने भी चुनाव में आम आदमी पार्टी का समर्थन करने की बात कही है।
बुधवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता व उत्तर पूर्वी दिल्ली से पार्टी प्रत्याशी दिलीप पांडेय ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने भाजपा को शिकस्त देने के तैयार संगठनों से लोकसभा चुनाव में समर्थन करने की अपील की थी। पिछले एक साल में दिल्ली के कई संगठनों ने आप को समर्थन दिया है। इस कड़ी में सीपीआई (एमएल) की केंद्रीय कमेटी सदस्य सुचेता डे, एआईसीसीटीयू के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष संतोष राय, आइसा की दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष कंवलप्रीत कौर और जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष एन साईं बालाजी प्रदेश में आकर पार्टी को समर्थन दिया है। सभी संगठन, इनसे जुड़े पदाधिकारी दिल्ली में अपने स्तर पर पदयात्रा, जनसंपर्क अभियान, नुक्कड़ सभा समेत दूसरे सभी माध्यमों से आप के हक में आम मतदाताओं से समर्थन मांगेंगे।
सुचेता डे ने इस मौके पर कहा कि वह अपनी पार्टी की ओर से आप को पूरा समर्थन दे रही हैं। सीपीआई (एमएल) दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर भाजपा को शिकस्त देने के लिए आप प्रत्याशियों के लिए प्रचार अभियान चलाएगा। छात्र संगठनों का कहना था कि वह दिल्ली के छात्रों के बीच अभियान चलाएंगे।