घंटाघर रामलीला मैदान की चुनावी रैली में सीएम योगी ने पश्चिमी यूपी के जवानों के परिवारों की हर नब्ज पर हाथ रखकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा शहीदों को अपमानित और राष्ट्रीय सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर खिलवाड़ कर रहा है।
गाजियाबाद में पहले चरण में ही चुनाव होना है। सभी दलों की राजनीति यूपी पर टिकी है। सीएम ने पुलवामा हमले में गाजियाबाद समेत पश्चिमी यूपी के शहीद जवानों के जरिये विपक्ष पर निशाना साधा। यहां के बड़ी संख्या में युवा सेना व अर्द्धसैनिक बलों में हैं। पिछले दिनों पुलवामा हमले व उसके बाद आतंकियों के साथ हुई मुठभेड़ में तीन जवान शहीद हुए थे। इनमें पतला निवासी जवान विनोद और बसा टिकरी निवासी अजय आतंकी हमले में शहीद हुए थे।
गाजियाबाद में रह रहे शामली निवासी प्रदीप भी शहीद हुए थे। विपक्ष ने हमले पर सवाल उठाए तो भाजपा शहीदों की शहादत के साथ इसे खिलवाड़ बताकर हर मंच से घेरने में लगी है। रविवार को सीएम योगी ने कांग्रेस, बसपा और सपा पर मंच से जमकर जुबानी हमले किए। उन्होंने विपक्ष को राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाला और शहीदों के परिवार और देश व प्रदेश की जनता को अपमानित करने वाला बताया। उन्हें लगता है युवा 2014 की तर्ज पर राष्ट्रवाद के मुद्दे पर उसे वोट करेंगे। इसलिए भाजपा नेताओं के भाषणों में सर्जिकल व एयर स्ट्राइक सबसे ज्यादा उठाए जाने वाला मुद्दा है।