आम आदमी पार्टी (आप) की यूथ विंग ने शनिवार को राजीव चौक मेट्रो स्टेशन ने तीसरे चरण के कैंपेन का लांच किया। इसके तहत यूथ विंग के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मेट्रो स्टेशन गेट नंबर 6 के बाहर खड़े होकर जनता को पर्चे बांटकर पूर्ण राज्य से होने वाले लाभ के बारे में बताया।
इस मौके पर दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय भी मौजूद थे। गोपाल राय ने बताया कि आप की अलग-अलग 27 विंग प्रचार अभियान को लांच कर रहे हैं। इसके तहत वह अपने स्तर पर दिल्लीवालों को पूर्ण राज्य से होने वाले फायदे की जानकारी दे रहे हैं। पार्टी की पूरी कोशिश है कि वोट पूर्ण राज्य के मसले पर पड़े।
गोपाल राय के मुताबिक, आज का युवा नौकरी के लिए भटक रहा है। मोदी जी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में हर साल 2 करोड़ नौकरियों का वादा किया था। लेकिन सत्ता हासिल के करने के बाद वह इसे भूल गए। उन्होंने आरोप लगाया कि इसकी जगह नोटबंदी व जीएसटी से नौकरियों को छीनने का काम किया है। गोपाल राय ने दावा किया कि पूर्ण राज्य बनने के एक महीने के अंदर दिल्ली मे दो लाख नौकरियां आएंगी।