दिल्ली प्रदेश कांग्रेस प्रदेश प्रभारी पीसी चाको ने शुक्रवार को एक बार फिर दोहराया कि आम आदमी पार्टी (आप) के साथ गठबंधन के बारे में राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी फैसला लेंगे। वहीं, पूर्ण राज्य के मसले पर पीसी चाको का मानना है कि इस पर उनका स्टैंड स्पष्ट है। घोषणा पत्र में जो भी चीजें शामिल हैं उन पर काम होगा। वहीं, एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आप सांसद संजय सिंह के साथ उनकी कोई मुलाकात नहीं हुई है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित, प्रभारी पीसी चाको की मौजूदगी में शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं की एक बैठक बुलाई गई थी। पार्टी के मुताबिक चुनावी तैयारियों पर चर्चा करने के लिए बैठक हुइ थी। इस दौरान चुनाव के लिए बनी कमेटियों के कामकाज पर चर्चा हुई। साथ ही आगे की चुनावी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक के बाद बाहर निकलने पर पीसी चाको ने आप के साथ गठबंधन से जुड़े सवालों पर मीडिया को बताया कि इसके बारे में दिल्ली के वरिष्ठ नेताओं को राहुल गांधी ने दो-दो बार बुलाया था। करीब 2 घंटे तक उनसे बात हुई। उस दौरान सबने अपनी बातें उनके सामने रखीं हैं। अब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस बारे में फैसला लेंगे।
दूसरी तरफ संजय सिंह से मुलाकात के बारे में पीसी चाको ने कहा कि अभी उनसे इस तरह की कोई बैठक नहीं हुई है। जबकि पूर्ण राज्य के मसले पर उनका कहना था कि कांग्रेस का स्टैंड स्पष्ट है। घोषणा पत्र में जो भी चीजें हैं, उसी पर कांग्रेस काम करेगी। गौरतलब है कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के बारे में कोई वादा नहीं किया है।