गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट के अंतर्गत 1525 मतदान केंद्रों सहित जिले की सुरक्षा 12 हजार से अधिक जवानों के हाथों में रहेगी। बृहस्पतिवार को चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए केंद्रीय पुलिस फोर्स, पीएसी, पुलिस, होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई है। इस दौरान दो राज्यों और चार जिलों को जोड़ती 22 सीमाओं पर कड़ी निगरानी होगी। संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा रखी जाएगी। पुलिस और आला अधिकारियों की कई टीम बुधवार देर रात से मतदान होने तक क्षेत्र में गश्त पर रहेंगे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण ने बताया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा रहेगी। मतदान केंद्र पर बूथों के बाहर केंद्रीय पुलिस बल (सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आरएएफ, आईटीबीपी) बल मौजूद रहेंगे। इसके बाद पीएसी और सिविल पुलिस, होमगार्ड का पहरा रहेगा। मतदान केंद्रों पर आधा सेक्शन पैरामिलिट्री फोर्स के जवान भी होंगे। जिले की पुलिस के अलावा 5 हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को गैर जनपद से बुलाया गया हैै।
मतदान केंद्र के बाहर सिविल पुलिस, होमगार्ड, पीआरडी के जवान भी होंगे। जिले के कुल 466 संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। इन मतदान केंद्रों पर दोगुनी सुरक्षा रखी गई है। इसके अलावा सभी थाने की फोर्स भी रहेगी। जिले की 22 सीमाओं पर अर्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई है। सघन चेकिंग के बाद ही वाहनों को प्रवेश दिया जा रहा है। दिल्ली व हरियाणा बार्डर पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
प्रत्येक सर्किल पर होगा 1 ड्रोन कैमरा
जिले के 13 सर्किल में स्थित मतदान केंद्रों पर 13 ड्रोन कैमरे निगरानी करेंगे। यह ड्रोन पूरे सर्किल पर एक मतदान केंद्र से दूसरे मतदान केंद्र की निगरानी करता रहेगा। संवेदनशील केंद्रों पर अधिक समय तक निगरानी की व्यवस्था की गई है।
आला अधिकारी करेंगे औचक निरीक्षण
एसएसपी वैभव कृष्ण, एसपी सिटी, एसपी ग्रामीण समेत सभी क्षेत्राधिकारी जिले में मतदान के दौरान केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। इस दौरान थाना व चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर गश्त कर सुरक्षा का जायजा लेने के निर्देश हैं।