गुरुग्राम में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को पार्टी उम्मीदवार कैप्टन अजय यादव के चुनाव प्रचार को धार देने के लिए गुरुग्राम में पधारेंगे। वह सेक्टर-पांच स्थित हुडा ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
इस संबंध में कांग्रेस के नेता तैयारियों में जुटे हुए हैं। उन्होंने हुडा ग्राउंड में एक बड़ा मंच बनवाया है और जनता के बैठने के लिए करीब 10 हजार कुर्सियों का इंतजाम किया गया है।
राहुल गांधी की सभा के मद्देनजर इलाके के समस्त नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई है। अधिकतर नेताओं को भीड़ जुटाने और इलाके में प्रचार करने का जिम्मा सौंपा गया है।
सभा के संबंध में लोगों को सूचना देने के लिए इलाके में होर्डिंग्स भी लगवाए गए हैं और गाड़ियों पर लाउड स्पीकर लगाकर जनसभा के बारे में बताया जा रहा है। रैली में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी गुलाब नबी आजाद, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के अलावा अन्य नेता भी शिरकत करेंगे।
कांग्रेस के स्थानीय नेताओं के अनुसार राहुल गांधी जनसभा में पार्टी के घोषणा पत्र में किए गए वादों से लोगों को अवगत कराएंगे। इसी कड़ी में वह किसानों के कर्ज माफ करने और गरीब परिवार न्याय योजना के तहत 72 हजार रुपये सालाना देने के बारे में अपनी कार्ययोजना बताएंगे।
इसके अलावा वर्ष 2004 से 2014 तक केंद्र और राज्य की कांग्रेस सरकार की ओर से किए गए कार्यों पर प्रकाश डालेंगे।