दिल्ली में गुरुवार को 448 नए कोरोना मरीज सामने आए, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई है। राजधानी में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5980 हो गई है। कोरोना वायरस से अबतक 66 लोगों की मौत हुई है।
चार इलाके कंटेनमेंट जोन की सूची से बाहर
दिल्ली में चार इलाके कंटेनमेंट जोन की सूची से बाहर कर दिए गए हैं। अब दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या 83 हो गई है।
कोरोना जांच करने वाली लैब की संख्या बढ़ी
दिल्ली स्वास्थ्य सेवा निदेशालय ने गुरुवार को जानकारी दी कि भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने रियल टाइम आरटी-पीसीआर कोरोना जांच करने वाली लैब की संख्या आठ से बढ़ाकर 13 कर दी है।
1200 प्रवासी श्रमिक दिल्ली पहुंचे
छतरपुर , मध्यप्रदेश से करीब 1200 प्रवासी मजदूर श्रमिक स्पेशल ट्रेन से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंचे।
दिल्ली सरकार ने शराब की बिक्री के लिए लॉन्च किया ई टोकन सिस्टम
दिल्ली सरकार ने शराब की बिक्री के लिए ई टोकन सिस्टम लॉन्च कर दिया है। यह फैसला लॉकडाउन 3.0 में मिली छूट के बाद शराब की दुकान के बाहर लगी भारी भीड़ को देखते हुए लिया गया है ताकि सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन किया जा सके। इसके लिए एक वेब लिंक जारी किया गया है।
स्पेशल सेल इंस्पेक्टर कोरोना संक्रमित
दिल्ली पुलिस ने गरुवार को जानकारी दी कि लोधी कॉलोनी स्थित दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल कार्यालय में एक इंस्पेक्टर कोरोना संक्रमित पाया गया है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह स्पेशल सेल में कोरोना वायरस का दूसरा मामला है।
दिल्ली में तैनात आईटीबीपी के 37 जवान कोरोना संक्रमित
पिछले 24 घंटों में दिल्ली में तैनात आईटीबीपी के 37 जवान कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसी के साथ आईटीबीपी में कुल संक्रमितों की संख्या 82 हो गई है।
दिल्ली ए्म्स के निदेशक का बड़ा बयान
दिल्ली एम्स के निदेशक रणदीप गुलेरिया ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए बड़ा बयान दिया है कि मई-जून में कोरोना का संक्रमण अपने चरम पर होगा और लंबे समय तक हमें इसके साथ जीना होगा। सिर्फ यही नहीं काफी लंबे समय तक जीरो केस नहीं होंगे।
कोरोना से बीएसएफ जवानों की मौत
कोरोना वायरस महामारी के दौरान बीएसएफ के दो कर्मियों की मौत को लेकर सीमा सुरक्षा बल ने शोक व्यक्त किया है। एक मरीज जो सुपर स्पेशियलिटी क्लीनिक में इलाज के दौरान संक्रमित हुआ था उसकी मौत हो गई है। बीएसएफ से यह जानकारी गुरुवार को दी।
नजफगढ़ में प्राइमरी स्कूल में निर्माण शुरू
दिल्ली के नजफगढ़ के समसपुर खालसा में साउथ दिल्ली नगर निगम प्राइमरी स्कूल में निर्माण का काम शुरू हो गया है। इस बारे में सब कॉन्ट्रैक्टर ने बताया, 'हम सरकार की गाइडलाइन के हिसाब से यहां काम कर रहे हैं। मजदूर कम हैं लेकिन हम उसी से काम चला रहे हैं। यहां जो सामग्री थी उसी से काम कर रहे हैं।'
सत्येंद्र जैन ने कहा लंबे समय तक रहेगा कोरोना
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि दिल्ली में अब तक कोरोना वायरस के कुल 5,532 मामले हैं जिनमें से 428 मामले कल के हैं। 3,925 सक्रिय मामले हैं उसमें से 84 लोग आईसीयू में हैं और 12 लोग वेंटिलेटर पर हैं। दिल्ली में डबलिंग रेट अभी 11 दिन है। उन्होंने ये भी कहा कि कोरोना लंबे समय तक रहने वाला है।
दिल्ली से प्रवासी मजदूरों को लेकर पहली श्रमिक स्पेशल ट्रेन आज जाएगी मध्य प्रदेश
दिल्ली से प्रवासी मजदूरों को लेकर पहली श्रमिक स्पेशल ट्रेन आज मध्य प्रदेश के छतरपुर के लिए रवाना होगी। ये ट्रेन आज रात 8 बजे चलेगी। इस ट्रेन से 1200 मजदूर जाएंगे। ये प्रवासी मजदूर दिल्ली के अलग-अलग रैन बसेरों में ठहरे हैं।
दिल्ली-एनसीआर की स्थिति
स्थान संक्रमित कुल पॉजिटिव मौत
दिल्ली 428 5532 65
गौतमबुद्ध नगर 00 102 00
गाजियाबाद 12 116 02
फरीदाबाद 06 82 02
गुरुग्राम 17 104 07
बुलंदशहर 00 60 01
हापुड़ 07 52 00