कोरोना के कारण जान गंवाने वाले दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल के संपर्क में आए 10 लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
सरकारी स्कूलों में 11 मई से 30 जून तक गर्मी की छुट्टियां
दिल्ली सरकार ने राजधानी के सभी सरकारी स्कूलों में 11 मई से 30 जून तक ग्रीष्मावकाश की घोषणा की है। सरकार ने कहा है कि कोरोना वायरस के कारण छुट्टी की अवधि के दौरान किसी भी ग्रीष्मकालीन अवकाश गतिविधि के लिए छात्रों को स्कूलों में नहीं बुलाया जाएगा।
कंटेनमेंट जोन की सूची से बाहर हुआ एक और इलाका
दिल्ली में आज एक और इलाके को कंटेनमेंट जोन की सूची से बाहर किया गया। अब राजधानी में कुल कंटेनमेंट जोन की संख्या घटकर 87 हो गई है।
बीएसएफ के 85 अन्य जवान कोरोना संक्रमित
सीमा सुरक्षा बल के 85 अन्य जवान कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इस तरह अब बीएसएफ के कुल संक्रमित जवानों की संख्या 154 हो गई है। इसमें 60 जवान जामिया और चांदनी महल में तैनात थे। वहीं इनमें से छह आंतरिक मंत्रालय की केंद्रीय सुरक्षा में तैनात थे और बंगाल में कोरोना की स्थिति का जायजा लेने वाली टीम का हिस्सा थे। इनमें से 37 त्रिपुरा फ्रंटियर फोर्स के जवान हैं। 85 जवान जो संक्रमित हुए हैं वह जरूरी और कार्यकारी सेवाओं में लगे हुए थे। मंगलवार तक इनकी संख्या 69 थी लेकिन 85 नए केसों के बाद इनकी संख्या 154 हो गई है।
आईआईटी दिल्ली की दो महिला वैज्ञानिकों ने 50 बार तक प्रयोग होने वाला मास्क बनाया
आईआईटी दिल्ली की दो महिला वैज्ञानिकों ने दोबारा उपयोग होने वाला एंटी वायरस मास्क बनाया है। इसका 50 बार तक प्रयोग किया जा सकेगा। दो मास्क की कीमत महज 299 रुपये होगी।
शुरू हुआ एनएच-24 पर निर्माण कार्य
दिल्ली में सरकार की अनुमति के बाद नेशनल हाइवे-24 पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। यहां सोशल डिस्टेंसिंग और सैनिटाइजेशन का ध्यान रखा जा रहा है।
कोरोना से महिला की दिल्ली में मौत
गाजियाबाद के झंडापुर में रहने वाली महिला की कोरोना संक्रमण से मौत हो गयी। 40 वर्षीय महिला बीपी की मरीज होने से वह कई दिनों से वेंटिलेटर पर थी। मंगलवार देर रात उसकी दिल्ली के मैक्स साकेत में मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि महिला की कोरोना जांच, इलाज और मौत दिल्ली में हुई है, इसलिए मौत दिल्ली में ही गिनी जाएगी।
लॉकडाउन के बीच पानी के लिए कतार में खड़े लोग
दिल्ली में कोरोना वायरस लॉकडाउन के बीच चिल्ला गांव में लोग दिल्ली जल बोर्ड(DJB) के टैंकर से पीने का पानी इकट्ठा करने के लिए लाइन में लगे दिखे। एक स्थानीय निवासी ने बताया, 'पानी की बहुत दिक्कत है अभी तो टैंकर मिल जा रहा है नहीं तो पानी के लिए जगह-जगह जाना पड़ता है और सुबह 4 बजे से लाइन लगानी पड़ती है।'
दिल्ली में संक्रमितों की संख्या हुई 5104
दिल्ली में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 5,104 है, जिनमें से 206 मामले कल आए हैं। अब तक 1,468 लोग ठीक हो चुके हैं। अस्पतालों में भर्ती लोगों में से 92 लोग आईसीयू में हैं और 17 लोग वेंटिलेटर पर हैं। दिल्ली में डबलिंग रेट 11 दिन है।
दिल्ली में आज भी शराब की दुकानों के बाहर लगी लंबी लाइन
दिल्ली के चंदर नगर व अन्य जगहों पर आज भी शराब खरीदने के लिए लोगों की लंबी लाइन लगी। इस दौरान ये लोग सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करते दिखे।