नई दिल्ली जिले के मंदिर मार्ग थाने में तैनात सिपाही गोपाल कुछ दिन पहले कोरोना संक्रमित हो गए थे। ठीक होने के बाद अब उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। बुधवार रात वह थाने पहुंचे तो तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया गया। एसएचओ विक्रमजीत सिंह ने गोपाल को फूलों की माला पहनाकर हौसला अफजाई की। इस स्वागत को देखकर सिपाही ने एसएचओ के पैर छूकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।
गाजियाबाद में छह नए मामले
गाजियाबाद में कोरोना संक्रमण के छह नए मामले आए हैं। इनमें से एक महिला मुराद नगर की रहने वाली है। एक आश्रम रोड नंदग्राम, एक शुभम अपार्टमेंट साहिबाबाद व एक प्रहलादगढ़ी का रहने वाला फैक्टरी में काम करने वाला मजदूर है। इसकी रिपोर्ट सात मई को आई थी, इसके बावजूद मजदूर फैक्टरी में काम करता रहा।
बुलंदशहर में सात नए मामले
बुलंदशहर में एक प्रवासी समेत सात कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद जनपद का आंकड़ा 102 हो गया है। इसमें चार खुर्जा, एक शिकारपुर निवासी प्रवासी, एक नगर और एक गुलावठी निवासी संक्रमित पाया गया है। 102 में से में दो की मौत हो गई है, जबकि 41 मरीज ठीक हो गए हैं। जबकि 39 मरीजों का उपचार चल रहा है।
गुरुग्राम : 13 नए मामले आए सामने, कुल संक्रमितों की संख्या 239 हुई
गुरुग्राम में गुरुवार को कोरोना वायरस के 13 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ कुल संक्रमितों संख्या 239 हो गई है।
निजामुद्दीन मरकज के 916 विदेशी नागरिकों को छोड़ने की मांग
दिल्ली हाईकोर्ट में गुरुवार को एक याचिका दायर की गई है, जिसमें निजामुद्दीन मरकज से बाहर निकाले गए 916 विदेशी नागरिकों को छोड़ने की मांग की गई है। याचिका में कहा गया है कि इन सभी के कोविड-19 टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव आई है, उसके बावजूद इन्हें क्वारंटीन सेंटर में रखा हुआ है।
दिल्ली में 571 नए मामले आए सामने, 18 की मौत, कुल संक्रमित 11659
दिल्ली में कोरोना वायरस का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार को भी दिल्ली में 571 नए संक्रमित सामने आए, जबकि 18 लोगों की मौत हो गई। कुल संक्रमित 11659 हो गए हैं, जबकि 194 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, थोड़ी राहत भरी खबर यह है कि 5567 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं।
नोएडा में नौ पॉजिटिव केस आए सामने
गौतमबुद्ध नगर में नौ नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें नोएडा सेक्टर-81 का एक पुरुष, नगला गांव फेस-2 निवासी 25 साल की युवती, झुंडपुरा गांव सेक्टर-11 के 67 वर्षीय बुजुर्ग, ग्रेटर नोएडा के कासना का 20 वर्षीय युवक, ग्रेटर नोएडा के हबीबपुर सुत्याना का 28 वर्षीय युवक, ग्रेटर नोएडा के नोएडा एक्सटेंशन 40 वर्षीय पुरुष, नोएडा के नगला फेज-2 का 29 वर्षीय युवक, किला कॉलोनी जेवर का 52 वर्षीय शख्स और दादरी की 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला शामिल है।
24 घंटे में 25 बीएसएफ जवान हुए ठीक
बीते 24 घंटे में बीएसएफ जवानों में कोई नया संक्रमण का केस नहीं आया है। कल से अब तक 25 जवानों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अब तक कुल 274 जवान ठीक हो चुके हैं। बीएसएफ जवानों में अब सिर्फ 87 सक्रिय केस रह गए हैं।
गाजियाबाद रेड जोन घोषित होने से जिला अदालत अगले आदेश तक बंद
गाजियाबाद नगरीय क्षेत्र रेड जोन घोषित होने से अगले आदेश तक यहां के सभी अदालत बंद रहेंगे। यह आदेश गुरुवार को जिला जज ने दिया है।
मंडोली जेल के उप अधीक्षक में कोरोना की पुष्टि
केंद्रीय जेल मंडोली के उप अधीक्षक में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। बताया जा रहा है कि 11 मई से ही बुखार के चलते वह छुट्टी पर थे। बाद में इन्होंने अपना कोरोना टेस्ट कराया जो पॉजिटिव निकला। अब इनके संपर्क में आने वालों का पता लगाया जा रहा है।
दिल्लीः गाजीपुर रोड पर लगा भारी जाम
लॉकडाउन में मिली ढील के बाद दो दिनों से दिल्ली की सड़कों पर बड़ी संख्या में वाहन नजर आ रहे हैं। इसके कारण दिल्ली के कई इलाकों में जाम भी लग रहा है। आज दिल्ली के गाजीपुर इलाके में भारी जाम लगा हुआ है।
दिल्लीः छूट मिलने के बाद सैर करने निकले लोग
सुबह की सैर के लिए सरकार द्वारा छूट दिए जाने से आज दिल्ली के लोग सैर करने निकले। हालांकि लोगों को सिर्फ सैर करने की इजाजत है ओपन जिम का इस्तेमाल करने और योग व अन्य गतिविधियों को करने की इजाजत नहीं है।
ओखला मंडी पहुंचे लोगों की हुई थर्मल स्क्रीनिंग
दिल्ली की ओखला मंडी में एहतियात के चलते वहां सब्जियां खरीदने पहुंचे लोगों की पहले थर्मल स्क्रीनिंग हुई फिर उन्हें मंडी में प्रवेश दिया गया।