अधिकारियों का कहना है कि केंद्र की नई गाइडलाइन में रेड, ऑरेंज व ग्रीन जोन तय करने का अधिकार राज्य सरकार को दिया गया है। अब दिल्ली सरकार इलाके के हिसाब से तीनों जोन का निर्धारण करेगी। हॉटस्पॉट वाले इलाके रेड जोन में होंगे, जबकि 500 मीटर से एक किमी के दायरे में आने वाले इलाके ऑरेंज जोन में। इससे बाहर की दिल्ली ग्रीन जोन में होगी। इसके हिसाब से दिल्लीवालों को लॉकडाउन-4 में रियायत मिलेगी। रेड जोन पूरी तरह बंद होगा। ऑरेंज जोन में ढेर सारी बंदिशों के साथ कुछ गतिविधियों को इजाजत होगी, जबकि ग्रीन जोन खुला रहेगा। अधिकारी ने बताया कि अभी दिल्ली के लिए कार्ययोजना तैयार हो रही है। इसके बाद लॉकडाउन-4 में दिल्ली की स्थिति ज्यादा स्पष्ट हो सकेगी।
आज जारी करेंगे दिल्ली चलाने का प्लान : केजरीवाल
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का कहना है कि केंद्र सरकार की गाइडलाइन में ऐसा बहुत कुछ है, जिसे लाखों दिल्लीवालों की सलाह की तैयार कर केंद्र के पास भेजा गया था। दिल्ली ने लॉकडाउन के दौरान अपनी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया है। अगर कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले बढ़ते हैं तो दिल्ली उसके लिए तैयार है, लेकिन अब वक्त रियायतों की मात्रा को विस्तार देने का है। दिल्ली सरकार इस बारे में विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर रही है। इसमें केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों का खास ध्यान रखा गया है। इसे सोमवार को जारी किया जाएगा।