जामिया नगर इलाके में हुई हिंसा सुनियोजित तरीके से हुई है। सूत्रों का कहना है कि सुबह से ही जामिया नगर के लोकल नेता प्रदर्शन के दौरान भीड़ का नेतृत्व कर रहे थे। यह लोग भड़काऊ नारेबाजी कर रहे थे। दोपहर तक धीरे-धीरे लोगों की भीड़ इन लोकल नेताओं के साथ जुड़ते चले गए। इसी भीड़ में मौजूद कुछ शरारती तत्वों ने बकायदा बलवा करने की योजना बनाई थी। योजना के तहत भीड़ ने हंगामा और आगजनी कर दी। पुलिस अब इन नेताओं की पहचान कर उनकी धरपकड़ के प्रयास कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक पिछले तीन दिनों से पूरे इलाके में इस तरह के प्रदर्शन करने की सुगबुगाहट चल रही थी। लोकल नेता लोगों को प्रदर्शन करने के लिए उकसा रहे थे। उनका कहना था कि अभी कुछ नहीं किया तो आगे कुछ नहीं होगा। लोगों को सड़कों पर आकर प्रदर्शन कर सरकार को संदेश देना ही होगा। इसी कड़ी में जामिया नगर में बंद का आह्वान भी किया गया था।
सूत्रों का कहना है कि प्रदर्शन की आड़ लेकर इन शरारती तत्वों ने जानबूझकर बलवा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया पर चल रहे वीडियो और मीडिया के वीडियो से पुलिस ऐसे शरारती तत्वों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पहचान करने के बाद पुलिस इन लोगों को जल्द ही गिरफ्तार करेगी।