मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर तथा बागपत से भाजपा के सांसद
सत्यपाल सिंह के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का एक दल दादरी में भाजपा
नेता विजय पंडित की हत्या के मामले की जांच करेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने दादरी में भाजपा नेता विजय पंडित की
हत्या में बड़ी साजिश की आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि सपा के जिम्मेदार
लोग ही अपराधियों को खुला संरक्षण दे रहे हैं।
इसी के तहत सांसद सतपाल सिंह की अध्यक्षता में सात सदस्यीय जांच समिति सोमवार को दोपहर बाद दादरी पहुंची। समिति के सदस्य सत्यपाल सिंह, गौतमबुद्ध नगर सांसद डॉ. महेश शर्मा, बुलंदशहर सांसद डॉ. भोला सिंह, सिकंद्राबाद विधायक विमला सोलंकी, उत्तर प्रदेश के भाजपा महामंत्री स्वतंत्र देवसिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम पहले विजय पंडित की पत्नी गीता पंडित से मिले।
उनसे पूरी जानकारी हासिल करने के बाद दादरी के व्यापारियों से भी वार्ता की फिर घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की। समिति के सदस्यों ने आईजी समेत पुलिस के आला अफसरों से भी घटना के संबंध में बात की।
'सपा नेता ने कराई है हत्या'
ग्रेटर नोएडा के दादरी के ब्रह्मपुरी मोहल्ले में दिवंगत भाजपा नेता विजय पंडित के आवास पर सोमवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी पहुंचे। उन्होंने गीता पंडित से वार्ता कर परिजनों को ढांढस बंधाई।
वाजपेयी ने कहा कि विजय पंडित की हत्या लोकसभा चुनाव में हार से खीज कर सत्तारूढ़ दल के नेताओं ने कराई है। इस मामले की सीबीआई से जांच कराई जाए। उससे कम कुछ भी स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर भाजपा के पूर्व सिंचाई मंत्री नवाब सिंह नागर, पूर्व राजस्व मंत्री रवि गौतम, भाजपा जिलाध्यक्ष नवाब सिंह नागर और चरणजीत नागर समेत अन्य भाजपा नेता मौजूद थे।
अनिश्चितकालीन धरने को भाजपा ने बनाई रणनीति
भाजपा नेता विजय पंडित की हत्या का खुलासा न होने के विरोध में भाजपा अब अनिश्चितकालीन धरना देगी। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में एक सप्ताह तक चलने वाले इस धरने में पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी हैं।
इसके बाद आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। जिलाध्यक्ष हरीश ठाकुर के नेतृत्व में सोमवार को ग्रेनो स्थित कार्यालय पर एक बैठक की गई।
इसमें तय किया गया कि भाजपा नेता विजय पंडित की हत्या का खुलासा न होने तक अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक दिन भाजपा के दो मंडलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता धरने पर बैठेंगे।