5 नवंबर को प्रदूषण बढ़ने की आशंका, मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से कम होगा प्रदूषकों का फैलाव 6 नवंबर को तेज हवाओं से मिल सकती है कुछ राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण से फिलहाल राहत मिलने की संभावना कम है। अगले तीन दिनों तक दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बहुत खराब श्रेणी में रहने का अनुमान है। वहीं, इसके बाद के छह दिनों में भी हवा की गुणवत्ता बहुत खराब से गंभीर श्रेणी के बीच रह सकती है। ऐसे में नवंबर के पहले सप्ताह में राजधानी के लोगों को साफ हवा के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
मौसम और प्रदूषण पूर्वानुमान के अनुसार, 4 से 6 नवंबर तक दिल्ली की हवा बहुत खराब श्रेणी में रहने की आशंका है। इन तीन दिनों में 5 नवंबर को प्रदूषकों के फैलाव के लिए मौसम सबसे कम अनुकूल रह सकता है। इस कारण उस दिन प्रदूषण का स्तर बढ़ने की संभावना है। हालांकि, 6 नवंबर को हवा की रफ्तार बढ़ने से प्रदूषकों के फैलाव की परिस्थितियों में कुछ सुधार हो सकता है।
उत्तर-पश्चिमी हवाओं से बढ़ सकती है चुनौती
पूर्वानुमान के अनुसार, 4 से 6 नवंबर के दौरान दिल्ली में प्रमुख रूप से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी। सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने की भी आशंका है। 4 नवंबर को दोपहर में हवा की गति 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। 5 नवंबर को यह घटकर करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है, जबकि 6 नवंबर को गति बढ़कर 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के साथ पंजाब और हरियाणा के क्षेत्रों से प्रदूषक दिल्ली पहुंच सकते हैं।