दिल्ली के द्वारका सेक्टर-17 में बुधवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने छह वर्षीय बच्ची शान को कुचल दिया। घटना के वक्त वह अपने दादा रूप नारायण शर्मा के साथ स्कूटी से स्कूल जा रही थी।
वहीं हादसे में घायल रूप नारायण को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। डंपर जब्त कर पुलिस आरोपी ड्राइवर को तलाश रही है।
पुलिस के अनुसार, शान द्वारका सेक्टर-13 के रोजवुड अपार्टमेंट में रहती थी। उसके पिता महेश शर्मा कारोबारी हैं। शान द्वारका सेक्टर-17 स्थित ओपीजी स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ती थी।
रोजाना की तरह बुधवार सुबह उसके दादा बच्ची को स्कूटी से स्कूल ले जा रहे थे। स्कूल के पास डंपर ने स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही शान गिर गई और डंपर के पहिये के नीचे आ गई।
बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।